माकड़ी पुलिस ने नवीन शासकीय महाविद्यालय माकड़ी में चलाया सायबर जागरूकता अभियान
कोण्डागांव जिले के नवीन शासकीय महाविद्यालय माकड़ी में माकड़ी थाना पुलिस द्वारा सायबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियम, नशामुक्ति एवं नए आपराधिक कानूनों पर छात्रों को जागरूक किया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचने और कानून की जानकारी रखने के लिए प्रेरित किया।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोण्डागांव | पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना माकड़ी पुलिस द्वारा सायबर अपराध और जनसुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज नवीन शासकीय महाविद्यालय माकड़ी में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास बघेल द्वारा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सायबर अपराध, महिला अपराध, यातायात नियम, नशामुक्ति और भारत सरकार द्वारा लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने छात्रों को बताया कि सायबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क रहना, संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा न करना, तथा अपनी निजी जानकारी साझा न करना अत्यंत आवश्यक है। साथ ही उन्होंने महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से गुलशन नेताम (वालेंटियर) ने विधिक सेवाओं और नागरिक अधिकारों से संबंधित जानकारी साझा की।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख विन्दयाधर निरोजी, प्रोफेसर गोविन्द दयाल माहला, डॉ. दिलेश्वर पटेल, रमनदेव मेश्राम, मनीष यादव, शांता खैरवार, अफसाना बेगम, सौरभ देवांगन तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।