दंतेवाड़ा में ढोलकल ट्रैकिंग रूट का लोकार्पण, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

दंतेवाड़ा जिले में 61.05 लाख रुपये की लागत से विकसित ढोलकल ट्रैकिंग रूट का लोकार्पण किया गया। इस परियोजना से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलेगी।

Jun 22, 2026 - 18:13
 0  4
दंतेवाड़ा में ढोलकल ट्रैकिंग रूट का लोकार्पण, पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

UNITED NEWS OF ASIA. नवीन चौधरी, दंतेवाड़ा l जिले की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के अंतर्गत लगभग 61.05 लाख रुपये की लागत से विकसित ढोलकल ट्रैकिंग रूट का रविवार को भव्य लोकार्पण किया गया। इस नए ट्रैकिंग मार्ग के शुरू होने से दंतेवाड़ा में पर्यटन विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

वन एवं जलवायु परिवर्तन, सहकारिता तथा संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में ट्रैकिंग रूट का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा प्राकृतिक संपदा, घने जंगलों और धार्मिक-आध्यात्मिक स्थलों से समृद्ध क्षेत्र है, जिसकी पहचान अब राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि ढोलकल ट्रैकिंग रूट केवल एक पर्यटन परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास का माध्यम भी बनेगा।

कश्यप ने कहा कि इस ट्रैकिंग रूट के विकसित होने से साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होने से स्थानीय व्यवसायों को भी लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को व्यापक पहचान प्राप्त होगी।

ढोलकल अपने ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के लिए पहले से ही प्रसिद्ध है। पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा यह क्षेत्र प्रकृति प्रेमियों, ट्रैकर्स और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा है। नए ट्रैकिंग रूट के निर्माण से यहां पहुंचना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है। इससे पर्यटक प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ क्षेत्र की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से भी रूबरू हो सकेंगे।

कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि संतोष गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में पुलिस अधीक्षक गौरव राय, वनमंडलाधिकारी रामकृष्णा रंगनाथा वाय, अपर कलेक्टर राजेश पात्रे तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

लोकार्पण समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने विश्वास जताया कि ढोलकल ट्रैकिंग रूट दंतेवाड़ा को छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह परियोजना प्रकृति संरक्षण, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय आर्थिक विकास के बीच संतुलन स्थापित करने का सफल उदाहरण बनेगी।

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि बेहतर सुविधाओं और सुरक्षित पहुंच मार्ग के कारण आने वाले समय में ढोलकल क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे दंतेवाड़ा जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान और नई संभावनाएं प्राप्त होंगी।