छिंदवाड़ा में गांजा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, बीटीआई ग्राउंड के पास 1.075 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
छिंदवाड़ा जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने बीटीआई ग्राउंड के पास से एक युवक को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.075 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन कनोजिया के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत देहात थाना पुलिस ने बीटीआई ग्राउंड के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.075 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा मादक पदार्थों की रोकथाम और तस्करी में लिप्त आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी ने देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत को मुखबिर तंत्र सक्रिय कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के पालन में 6 नवंबर 2026 को देहात थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की तलाश के लिए रवाना किया। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि शिवनगर कॉलोनी निवासी रोहन कनोजिया बीटीआई ग्राउंड में पानी की टंकी के पास गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1.075 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन कनोजिया, उम्र 24 वर्ष, निवासी शिवनगर कॉलोनी, थाना कोतवाली, छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में एक वर्ष पूर्व गांजा तस्करी से संबंधित अपराध दर्ज किया गया था। इसके अलावा थाना कुंडीपुरा में चोरी और मारपीट के मामले भी पंजीबद्ध हैं।
पुलिस आरोपी से गांजे की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। आरोपी के बताए अनुसार गांजा कारोबार से जुड़े अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक संदीप सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप यादव, आरक्षक 779 सौरभ, आरक्षक 275 सूरज चौहान, आरक्षक 414 बुजेश पाल, आरक्षक 148 शेरसिंह रघुवंशी सहित साइबर सेल के आरक्षक नितिन ठाकुर एवं आदित्य की विशेष भूमिका रही।
छिंदवाड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए आमजन से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस के अनुसार नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर संबंधित थाना या पुलिस को सूचित किया जा सकता है।