प्रधानमंत्री जनमन योजना से वनांचल में विकास की रफ्तार, बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक बनी पक्की सड़क

कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण किया गया है। 143.82 लाख रुपये की लागत से बनी इस सड़क से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिली है।

Jul 22, 2026 - 17:35
 0  2
प्रधानमंत्री जनमन योजना से वनांचल में विकास की रफ्तार, बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक बनी पक्की सड़क

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण पूरा हो गया है। इस सड़क के बनने से वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है और अब वे पूरे वर्ष सुरक्षित एवं सुगमता से आवाजाही कर सकेंगे।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के माध्यम से 143.82 लाख रुपये की लागत से तैयार इस सड़क का लाभ लगभग 135 बसाहटों के लोगों को मिलेगा। बरसात के मौसम में जहां पहले कीचड़ और खराब रास्तों के कारण ग्रामीणों का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से लगभग टूट जाता था, वहीं अब पक्की सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में काफी आसान हो गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया है। बांटीपथरा निवासी राजेंद्र कुमार मरकाम ने बताया कि पहले गांव से बाहर निकलना बेहद कठिन था। बारिश के दिनों में सड़क की खराब स्थिति के कारण मरीजों, छात्रों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब पक्की सड़क बनने से आवागमन सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है। उन्होंने इस विकास कार्य के लिए सरकार के प्रति आभार जताया।

इसी तरह पढ़ियाधरान निवासी नन्हें सिंह मरकाम ने बताया कि पहले दोनों गांवों के बीच कोई पक्का मार्ग नहीं था। लोगों को कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होकर गुजरना पड़ता था। सड़क बनने के बाद अब गांव की तस्वीर बदल गई है। लोगों को अस्पताल, स्कूल, बाजार और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में समय और श्रम दोनों की बचत हो रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री जनमन योजना का उद्देश्य वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों का मानना है कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, बच्चों की शिक्षा प्रभावित नहीं होगी और जरूरत पड़ने पर मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। बांटीपथरा से पढ़ियाधरान तक बनी यह सड़क केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि वनांचल क्षेत्र के लोगों के लिए विकास, सुविधा और नई संभावनाओं का प्रतीक बनकर उभरी है। आने वाले समय में इस तरह की परियोजनाएं क्षेत्र के समग्र विकास को और गति देंगी।