मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना से ग्रामीण अधोसंरचना सुदृढ़– उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा के ग्राम कोठार में 96 लाख रुपये की लागत से होने वाले सीसी सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना से ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत हो रही है और विकास कार्यों से गांव की कनेक्टिविटी व आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ेंगी।
UNITED NEWS OF ASIA. राहुल सोनकर, कवर्धा | उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने ग्राम कोठार में 96 लाख रुपये की विकास सौगात देते हुए सीसी सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत ग्रामीण इलाकों में अधोसंरचना तेजी से मजबूत हो रही है। कोठार में 82.95 लाख की लागत से 1 किलोमीटर लंबी दो सीसी सड़कें तथा 13 लाख रुपये की लागत से दो सामुदायिक भवन निर्मित किए जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएँ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। मजबूत सड़कें गांव की कनेक्टिविटी सुधारेंगी और कृषि, व्यापार व रोजगार अवसरों में वृद्धि करेंगी। उन्होंने आवास योजना की स्वीकृति को कोठार के संघर्ष की बड़ी जीत बताया और आश्वासन दिया कि नए सर्वे के बाद प्रत्येक पात्र परिवार को आवास मिलेगा।
उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे और कार्य समय पर पूर्ण हों। उन्होंने कहा कि कवर्धा विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है और इन परियोजनाओं से ग्रामीणों, विशेषकर किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों को दीर्घकालीन लाभ मिलेगा।