प्रदेशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत का काम तेज़ी पर, दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश
राज्यभर में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत कार्य तेजी से चल रहे हैं। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिसम्बर तक सभी कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। राज्य में 88.58 करोड़ रुपए की लागत से 23 मरम्मत कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें से 20 पर काम प्रगति पर है।
UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर | बरसात समाप्त होने के बाद राज्यभर में राष्ट्रीय राजमार्गों की मरम्मत का कार्य जोरों पर है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने सभी सड़कों की मरम्मत दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने आज राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित रहे।
डॉ. सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के बाद यह सड़क निर्माण और मरम्मत का उपयुक्त समय है, इसलिए कार्यों को तेज़ी और गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरा करें। उन्होंने ठेकेदारों को एसटीएमसी (Short Term Maintenance Contract) के सभी घटकों पर काम सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रारंभ हो चुके कार्यों में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए और दिसम्बर माह तक सभी कार्य पूरे हो जाने चाहिए। विभागीय सचिव ने राज्य में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए प्रशासकीय स्वीकृति, प्राक्कलन, निविदा और कार्यादेश की प्रगति की जानकारी ली।
उन्होंने चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में स्वीकृत राष्ट्रीय राजमार्गों के अर्थ वर्क (Earth Work) को जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिए और जिन परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण लंबित है, वहां कलेक्टरों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
सचिव ने ब्लैक स्पॉट्स सुधारने, सड़क सुरक्षा बढ़ाने, तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर उचित मार्ग संकेतक लगाने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के अधिकारियों ने बताया कि राज्य शासन के अधीन 88.58 करोड़ रुपए की लागत से 23 मरम्मत कार्य स्वीकृत हैं, जिनमें से 71.49 करोड़ रुपए के कार्यों पर अनुबंध कर कार्य प्रारंभ हो चुका है।
प्रमुख प्रगतिरत कार्यों में —
-
राष्ट्रीय राजमार्ग 130 (अभनपुर–राजिम–गरियाबंद–देवभोग),
-
130B, 353 (घोड़ारी–महासमुंद–बागबहरा–ओडिशा सीमा),
-
930, 30, 63 (भोपालपटनम–जगदलपुर) और
-
49 के विभिन्न खंड शामिल हैं।
वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग 43 (कटनी–गुलमा), 45 (रतनपुर–केंदा–केंवची) और 153 (रायगढ़–सारंगढ़–सरायपाली) के खंडों की मरम्मत के लिए अनुबंध की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और इनके कार्यादेश शीघ्र जारी किए जाएंगे।
बैठक में अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप, अधीक्षण अभियंता एस.एस. माझी, कार्यपालन अभियंता जेपी तिग्गा, गोविंद अहिरवार, आर.के. खाम्बरा और रामाधार ताम्ब्रे उपस्थित रहे।