Ratlam News : 2500 मेधावियों का होगा सम्मान, प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
चेतन्य काश्यप फाउंडेशन का प्रतिभा सम्मान समारोह 10 जनवरी को, हेमंत खंडेलवाल करेंगे विद्यार्थियों को सम्मानित
UNITED NEWS OF ASIA. राजेश पुरोहित, रतलाम। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु चेतन्य काश्यप फाउंडेशन द्वारा 10 जनवरी को विधायक सभागृह, बरबड़ में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह के मुख्य अतिथि हेमंत खंडेलवाल रहेंगे, जबकि अध्यक्षता फाउंडेशन अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में महापौर प्रहलाद पटेल तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय शामिल होंगे।
इस अवसर पर शिक्षा सत्र 2024-25 में 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले करीब 2500 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
93% से अधिक अंक लाने वाले 121 विद्यार्थी मंच साझा करेंगे। सभी विद्यार्थियों को अभिभावकों की उपस्थिति में रिस्ट वॉच एवं शील्ड प्रदान की जाएगी। विद्यार्थी अपने कूपन साथ लाकर पुरस्कार प्राप्त कर सकेंगे।
फाउंडेशन वर्ष 2014 से लगातार इस आयोजन के माध्यम से प्रतिभाओं को सम्मानित कर रहा है।
समिति सदस्यों ने सभी मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों से समारोह में उपस्थित रहने का आव्हान किया है।