मनेन्द्रगढ़ में सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, जनदर्शन में महिला ने की शिकायत

मनेन्द्रगढ़ जिले में राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी कर पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता ने जनदर्शन में शिकायत कर जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पेट्रोल पंप की NOC पर रोक की मांग की है।

Jan 28, 2026 - 12:20
 0  503
मनेन्द्रगढ़ में सरकारी रिकॉर्ड में हेराफेरी कर पैतृक जमीन हड़पने का आरोप, जनदर्शन में महिला ने की शिकायत

UNITED NEWS OF ASIA.महेंद्र शुक्ला,कोरिया | मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में राजस्व रिकॉर्ड में गंभीर हेराफेरी कर पैतृक भूमि हड़पने का मामला सामने आया है। ग्राम चैनवारीडांड़ निवासी श्रीमती सुशीला देवी केवट ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक जमीन को भू-माफिया और कुछ राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है।

शिकायत के अनुसार, प्रार्थिनी की पैतृक भूमि खसरा नंबर 420/1 (कुल रकबा 1 हेक्टेयर) से लगी भूमि को साजिश के तहत हड़पने की कोशिश की गई। आरोप है कि विपक्षी पक्ष पुष्पा देवी खेड़िया द्वारा वर्ष 1990 में खरीदी गई अन्य जमीनों खसरा नंबर 103/22 एवं 103/23 को राजस्व अमले से सांठ-गांठ कर सुशीला देवी की जमीन में जोड़ दिया गया।

पीड़िता ने बताया कि बिना किसी वैध दस्तावेज और विधिवत प्रक्रिया के उनकी जमीन से 0.260 हेक्टेयर भूमि काटकर नया खसरा नंबर 420/10 तैयार कर दिया गया और उसे विपक्षी के नाम दर्ज कर दिया गया। इतना ही नहीं, दस्तावेजों में खरीदी गई जमीन का वास्तविक रकबा 0.222 हेक्टेयर होने के बावजूद उसे बढ़ाकर 0.260 हेक्टेयर दर्शाया गया, जो लगभग 4091 वर्गफुट की अवैध बढ़ोतरी है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जिस विवादित भूमि पर कब्जा किया गया है, वहां अब पेट्रोल पंप स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो चुकी है। सुशीला देवी ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हो जाती, तब तक पेट्रोल पंप की NOC प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।

उन्होंने दोषी राजस्व अधिकारियों एवं संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा उनकी पैतृक भूमि को मूल स्वरूप में लौटाने की भी मांग की है। प्रार्थिनी ने बताया कि इससे पूर्व 16 दिसंबर 2025 को भी जनदर्शन में शिकायत (टोकन नंबर 2290125001412) की गई थी, लेकिन पोर्टल पर अब तक कोई ठोस कार्यवाही दर्ज नहीं हुई है। मजबूर होकर उन्होंने 6 जनवरी 2026 को पुनः आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।