अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीतकर लौटे कोंडागांव के खिलाड़ी, कलेक्टर ने दी बधाई और आशीर्वाद
विशाखापट्टनम में आयोजित 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले कोंडागांव जिले के खिलाड़ियों से कलेक्टर ने सौजन्य मुलाकात कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव। 9वीं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता का आयोजन 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आंध्र प्रदेश की पर्यटन नगरी विशाखापट्टनम में किया गया था। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के होनहार खिलाड़ियों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया और विभिन्न स्पर्धाओं में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता से लौटने के बाद पदक विजेता खिलाड़ियों ने आज कोंडागांव की कलेक्टर से सौजन्य मुलाकात की और प्रतियोगिता में अपनी सहभागिता एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतने पर बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे जिले के लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि हमारे जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। यह कोंडागांव के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। कलेक्टर ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे इसी तरह आगे बढ़ते रहें और जिले व प्रदेश का नाम रोशन करते रहें।
कलेक्टर ने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी खिलाड़ियों को खेल से जुड़ी जो भी आवश्यक सुविधाएं और जरूरतें होंगी, उन्हें उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन मिल सकें।
यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ शोतोकॉन कराटे-डू एसोसिएशन के मुख्य प्रशिक्षक सिहान सरजीत सिंह बख्शी के मार्गदर्शन और नेतृत्व में संभव हो सकी। उनके साथ कोंडागांव जिला कराटे संघ के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की तैयारी की थी।
प्रतियोगिता में कोंडागांव के खिलाड़ी राकेश कुमार कांगे ने कुमिते इवेंट में सिल्वर मेडल, रिद्धिमा जायसवाल ने कुमिते इवेंट में गोल्ड मेडल, कु. जिज्ञासा सिंह ठाकुर ने काता एवं कुमिते इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल तथा काव्यांश कश्यप ने कुमिते इवेंट में सिल्वर मेडल प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर संस्था के सभी प्रशिक्षकों एवं अन्य सदस्यों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिले के खेल जगत से जुड़े लोगों में भी इस सफलता को लेकर उत्साह और गर्व का माहौल देखा गया।