सिंगरौली में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 8 दिन में 17.70 लाख रुपये का नशीला सामान जब्त
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान के तहत पुलिस ने आठ दिनों में 17 लाख 70 हजार 918 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई के दौरान गांजा, हेरोइन, स्मैक, कोडिनयुक्त कफ सिरप और हजारों नशीली टैबलेट-कैप्सूल बरामद किए गए। पुलिस ने आमजन से नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील की है।
UNITED NEWS OF ASIA. आदर्श तिवारी, सिंगरौली l मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष एंटी-नारकोटिक्स अभियान के तहत जिलेभर में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत पिछले आठ दिनों में पुलिस ने कुल 17 लाख 70 हजार 918 रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की है। इस कार्रवाई में गांजा, हेरोइन, स्मैक, कोडिनयुक्त कफ सिरप और बड़ी संख्या में नशीली टैबलेट-कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, डीआईजी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. के नेतृत्व और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और भंडारण पर निगरानी रखते हुए कार्रवाई की जा रही है।
आठ दिनों के दौरान की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 6 किलो 339 ग्राम गांजा जब्त किया है। इसके अलावा 4.05 ग्राम हेरोइन और 4.92 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई है। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 1,318 शीशी कोडिनयुक्त कफ सिरप जब्त किया, जिसकी कुल मात्रा 131.8 लीटर बताई गई है। वहीं, 52 हजार 560 नशीली टैबलेट और कैप्सूल भी पुलिस के हाथ लगे हैं। इन मादक पदार्थों के अलावा बोलेरो वाहन, मोटरसाइकिल, स्कूटी सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।
इस अभियान के दौरान बरगवां पुलिस की कार्रवाई भी सामने आई है। पुलिस ने एक मेडिकल स्टोर से जुड़े अवैध भंडारण का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में नशीली औषधियां बरामद की हैं। इस कार्रवाई को जिले में नशीली दवाओं के अवैध भंडारण और कारोबार पर अंकुश लगाने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस मामले में आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, सप्लाई और परिवहन पर रोक लगाना है, ताकि युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति को जिले में गांजा, स्मैक, हेरोइन, नशीली दवाओं या अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है, तो वह पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 7049134457 पर सूचना दे सकता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास में भागीदारी निभाएं और नशामुक्त सिंगरौली के निर्माण में सहयोग करें।