रायपुर निगम जोन-3 में गर्मी से पहले पेयजल तैयारी तेज, बोर खनन और टैंकर आपूर्ति के निर्देश
रायपुर नगर निगम के जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू एवं जोन-3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू ने पार्षदों के साथ बैठक लेकर गर्मी में सुचारू पेयजल आपूर्ति हेतु बोर खनन और टैंकर आपूर्ति के लिए स्थान चिन्हांकन के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर। नगर निगम क्षेत्र में आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए नागरिकों को निर्बाध और सुगम पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारियों को लेकर रायपुर नगर पालिक निगम के जल कार्य विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू एवं नगर निगम जोन-3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू ने आज जोन-3 अध्यक्ष कार्यालय में आवश्यक बैठक आयोजित की। यह बैठक महापौर मीनल चौबे के निर्देश पर आयोजित की गई।
बैठक में जोन-3 अंतर्गत विभिन्न वार्डों की जमीनी समस्याओं और पेयजल स्थिति की समीक्षा की गई। इस अवसर पर पार्षद प्रदीप वर्मा, कैलाश बेहरा, पुष्पा रोहित साहू, राजेश गुप्ता सहित जोन-3 जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, कार्यपालन अभियंता ईश्वर लाल टावरे, सहायक अभियंता नरेश साहू तथा उप अभियंता सत्यप्रकाश उपस्थित रहे।
जल विभाग अध्यक्ष संतोष सीमा साहू एवं जोन-3 अध्यक्ष साधना प्रमोद साहू ने बैठक में स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पार्षदों की अनुशंसा के आधार पर वार्डों में व्यवहारिक आवश्यकता के अनुसार तत्काल बोर खनन कार्य कराया जाए, ताकि गर्मी के दौरान संभावित पेयजल संकट से नागरिकों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि बोर खनन कार्य में प्राथमिकता उन वार्डों और मोहल्लों को दी जाए, जहां हर वर्ष पानी की सबसे अधिक समस्या सामने आती है।
इसके साथ ही उन्होंने पार्षदों द्वारा सुझाए गए पेयजल संकटग्रस्त क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक स्थल चिन्हांकन शीघ्र कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि टैंकर आपूर्ति के लिए ऐसे स्थान चिन्हित किए जाएं, जहां नागरिकों को आसानी से पानी उपलब्ध कराया जा सके और भीड़ या अव्यवस्था की स्थिति न बने।
बैठक के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए फील्ड स्तर पर स्थिति की नियमित निगरानी करें तथा शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि वार्ड पार्षदों के सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता के साथ अमल में लाया जाए।
जोन-3 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए नगर निगम द्वारा समय रहते यह पहल शुरू की गई है, जिससे गर्मी के मौसम में नागरिकों को पानी के लिए भटकना न पड़े। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रखीं और प्रशासन से शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
नगर निगम के इस प्रयास से आने वाले महीनों में रायपुर के जोन-3 क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।