सर्वोदय तालाब पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ ग्रीन आर्मी ने उठाई आवाज

रायपुर के सर्वोदय तालाब पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी संस्था ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

Feb 3, 2026 - 19:23
 0  3
सर्वोदय तालाब पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ ग्रीन आर्मी ने उठाई आवाज

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर | रायपुर शहर के महत्वपूर्ण जलस्रोत सर्वोदय तालाब पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर ग्रीन आर्मी संस्था ने शासन-प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया है। संस्था ने कहा है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो यह ऐतिहासिक जलस्रोत समाप्त होने की कगार पर पहुंच सकता है, जिससे क्षेत्र में जल संकट और पर्यावरणीय असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

जानकारी के अनुसार सर्वोदय तालाब अरविन्द दीक्षित वार्ड क्रमांक 56 के अंतर्गत पचपेड़ी नाका से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। ग्रीन आर्मी संस्था का आरोप है कि तालाब की भूमि पर स्थानीय नागरिकों द्वारा सितंबर 2025 से अवैध अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 10 द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

स्थानीय मोहल्ला विकास समिति पिछले लगभग 25 वर्षों से सर्वोदय तालाब के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। वहीं ग्रीन आर्मी संस्था भी पिछले चार वर्षों से तालाब को सुरक्षित रखने के लिए अभियान चला रही है। संस्था द्वारा लगभग 20 दिन पूर्व कलेक्टर, महापौर, अपर आयुक्त और नगर निगम आयुक्त को लिखित आवेदन सौंपकर अतिक्रमण हटाने की मांग की गई थी।

ग्रीन आर्मी संस्था ने प्रशासन से आग्रह किया है कि जनहित और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सर्वोदय तालाब से अतिक्रमण हटाने के लिए तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शहर के इस महत्वपूर्ण जलस्रोत को भविष्य के लिए सुरक्षित रखा जा सके।