नारायणपुर न्यूज़ : धान उपार्जन केंद्र कन्हारगांव में 600 बोरी धान हेराफेरी, दो कर्मचारी सेवा से बर्खास्त

नारायणपुर के कन्हारगांव धान उपार्जन केंद्र में 600 बोरी धान हेराफेरी मामले में दो कर्मचारियों को सेवा से हटाया गया, 7.30 लाख रुपये वसूली आदेश।

Feb 3, 2026 - 19:20
 0  59
नारायणपुर न्यूज़ : धान उपार्जन केंद्र कन्हारगांव में 600 बोरी धान हेराफेरी, दो कर्मचारी सेवा से बर्खास्त

UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर | नारायणपुर जिले के धान उपार्जन केंद्र कन्हारगांव में धान की हेराफेरी का मामला सामने आने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को सेवा से समाप्त कर दिया है। जिला खाद्य अधिकारी से मिली जानकारी के अनुसार 600 बोरी धान की हेराफेरी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर नम्रता जैन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व, खाद्य, मंडी और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान खरीदी प्रभारी सुदेन सलाम और ऑपरेटर बूकालू उसेंडी की संलिप्तता पाई गई। जांच में अनियमितता प्रमाणित होने पर दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सेवा समाप्त कर दिया गया।

प्रशासन द्वारा हेराफेरी की गई धान की मात्रा के एवज में 7 लाख 30 हजार 360 रुपये की राशि की वसूली भी आरोपित कर्मचारियों से करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या भ्रष्टाचार को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार के मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि किसानों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।