Yamaha Tenere 4 Concept: यामाहा की नई एडवेंचर बाइक का खुलासा, 400cc सेगमेंट में KTM को दे सकती है टक्कर, मिलेंगे 21-18 इंच के स्पोक व्हील्स

यामाहा ने EICMA 2026 से पहले अपनी नई Ténéré 4 Concept एडवेंचर बाइक से पर्दा उठा दिया है। इसमें नया सिंगल-सिलेंडर इंजन, KYB सस्पेंशन, 21 इंच फ्रंट और 18 इंच रियर स्पोक व्हील्स दिए गए हैं। इसे Ténéré 700 के नीचे एंट्री-लेवल एडवेंचर बाइक के रूप में विकसित किया जा रहा है। हालांकि, इंजन की क्षमता, कीमत और लॉन्च की तारीख का खुलासा अभी नहीं हुआ है।

Nov 4, 2026 - 15:45
 0  2
Yamaha Tenere 4 Concept: यामाहा की नई एडवेंचर बाइक का खुलासा, 400cc सेगमेंट में KTM को दे सकती है टक्कर, मिलेंगे 21-18 इंच के स्पोक व्हील्स

UNITED NEWS OF ASIA. टू-व्हीलर बाजार में एडवेंचर मोटरसाइकिलों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच यामाहा ने अपनी नई बाइक Ténéré 4 Concept का खुलासा कर दिया है। कंपनी ने दो नवंबर 2026 को इटली के मिलान में आयोजित ‘Redefine the Standard’ कार्यक्रम के दौरान इस कॉन्सेप्ट बाइक को पेश किया। इसके बाद इसे EICMA 2026 में भी प्रदर्शित किया जा रहा है। नई बाइक को यामाहा की लोकप्रिय Ténéré सीरीज में Ténéré 700 से नीचे एक छोटे और हल्के विकल्प के रूप में विकसित किया जा रहा है। 

नई Ténéré 4 Concept की सबसे खास बात इसका बिल्कुल नया सिंगल-सिलेंडर इंजन है। यामाहा ने अभी तक इसकी वास्तविक इंजन क्षमता, पावर और टॉर्क के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं। हालांकि, बाइक के नाम और A2 लाइसेंस श्रेणी को ध्यान में रखते हुए इसे लगभग 400cc सेगमेंट की संभावित एडवेंचर बाइक माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि इस इंजन को कम और मध्यम RPM पर बेहतर टॉर्क देने के साथ ऊंचे RPM पर भी उपयोगी प्रदर्शन के लिए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य बाइक को सड़क और ऑफ-रोड दोनों परिस्थितियों में उपयोगी बनाना है। 

डिजाइन की बात करें तो Ténéré 4 Concept में यामाहा की रैली रेसिंग विरासत की झलक दिखाई देती है। बाइक के फ्रंट में एडवेंचर स्टाइल बीक, ऊंची विंडस्क्रीन और मजबूत हैंडगार्ड दिए गए हैं। इसका फ्यूल टैंक फ्लैट और नीचे की ओर रखा गया है, जबकि बॉडी प्रोफाइल को पतला बनाया गया है। इस डिजाइन का उद्देश्य राइडर को बेहतर नियंत्रण और कठिन रास्तों पर आसानी से बाइक संभालने की सुविधा देना है। इसकी बनावट बड़ी Ténéré 700 से प्रेरित है।

ऑफ-रोडिंग के लिए बाइक में नया विकसित फ्रेम और KYB के फ्रंट तथा रियर सस्पेंशन दिए गए हैं। इसमें आगे 21 इंच और पीछे 18 इंच के स्पोक व्हील्स मिलते हैं। इन पर Michelin Anakee Wild टायर लगाए गए हैं, जो खराब रास्तों और ऑफ-रोड परिस्थितियों में बेहतर पकड़ के लिए जाने जाते हैं। इसके अलावा कॉन्सेप्ट मॉडल में टाइटेनियम Akrapovič एग्जॉस्ट भी दिखाई देता है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल में यही एग्जॉस्ट मिलेगा या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

इडिंग पोजिशन को ध्यान में रखते हुए इसमें रैली स्टाइल सीट, पतला बॉडीवर्क और आरामदायक एर्गोनॉमिक्स पर जोर दिया गया है। यामाहा इसे ऐसे राइडर्स के लिए विकसित कर रही है, जो भारी एडवेंचर बाइक के बजाय हल्की और आसानी से नियंत्रित होने वाली मोटरसाइकिल चाहते हैं। अनुभवी राइडर्स के लिए भी यह लंबी दूरी और ऑफ-रोड राइडिंग का एक नया विकल्प बन सकती है।

अगर यह बाइक प्रोडक्शन में आती है, तो इसका मुकाबला KTM 390 Adventure R और Royal Enfield Himalayan 450 जैसी एडवेंचर मोटरसाइकिलों से हो सकता है। हालांकि, भारत में इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

लहाल Ténéré 4 एक कॉन्सेप्ट मॉडल है और यामाहा ने इसकी कीमत, वजन, इंजन क्षमता तथा बाजार में लॉन्च होने की समयसीमा की जानकारी नहीं दी है। ऐसे में बाइक के प्रोडक्शन वर्जन को लेकर अभी इंतजार करना होगा। EICMA 2026 में इसके प्रदर्शन के दौरान यदि कंपनी अतिरिक्त तकनीकी जानकारी साझा करती है, तो इससे इस नई एडवेंचर बाइक की संभावनाएं और स्पष्ट हो सकती हैं।