पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा जांच कर दिए सख्त दिशा-निर्देश, आमजन से सतर्क रहने की अपील

रायपुर जिले में कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में बैंकों की चेकिंग की। इस दौरान बैंक प्रबंधन, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

Jan 28, 2026 - 12:16
 0  8
पुलिस ने बैंकों की सुरक्षा जांच कर दिए सख्त दिशा-निर्देश, आमजन से सतर्क रहने की अपील

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर। रायपुर जिले में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू किए जाने के पश्चात सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा बैंकों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 27 जनवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशानुसार नॉर्थ जोन अंतर्गत विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों की सुरक्षा जांच की गई।

इस अभियान के तहत थाना उरला, खमतराई, गुढ़ियारी, खमहारडीह एवं पंडरी क्षेत्र में स्थित विभिन्न राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों का निरीक्षण किया गया। पुलिस टीमों ने बैंक परिसरों में मौजूद सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया और बैंक प्रबंधन तथा कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

चेकिंग के दौरान पुलिस द्वारा बैंक अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरों को नियमित रूप से चालू रखने, कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने तथा कैमरों के एंगल सही दिशा में होने की हिदायत दी गई। इसके साथ ही बैंक परिसर एवं आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने, नकद लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने और भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त सतर्कता रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रत्येक बैंक में संबंधित थाना एवं थाना प्रभारी का संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से चस्पा किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त की जा सके। बैंक सुरक्षा गार्डों को भी अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता के साथ निभाने, प्रवेश और निकास पर निगरानी रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त पुलिस द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे बैंकिंग कार्य के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के चेकिंग अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि बैंकिंग संस्थानों में किसी भी आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आम जनता में सुरक्षा की भावना बनी रहे।