उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर प्रवास के दूसरे दिन विकास कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोण्डागांव में मिशन अमृत 2.0, राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी, सड़क चौड़ीकरण और तालाब सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

Jun 6, 2026 - 16:07
 0  2
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बस्तर प्रवास के दूसरे दिन विकास कार्यों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने चार दिवसीय बस्तर प्रवास के दूसरे दिन कोण्डागांव जिले में चल रहे विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों से कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली तथा गुणवत्ता और समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि बरसात के मौसम में निर्माणाधीन सड़कों और पुलों की वजह से आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उप मुख्यमंत्री ने कोण्डागांव नगर पालिका में मिशन अमृत 2.0 के अंतर्गत निर्माणाधीन जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रगतिरत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लेते हुए परियोजना के तकनीकी पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को ठेकेदारों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में आ रही बाधाओं को शीघ्र दूर करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

यह योजना केंद्र सरकार की मिशन अमृत 2.0 के तहत संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत कोण्डागांव में 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। इस परियोजना के तहत कोण्डागांव से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित कोसारटेडा बांध से पानी लाकर उसका शोधन किया जाएगा और घर-घर नल कनेक्शन के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना का 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसमें दो ओवरहेड टैंकों का निर्माण भी शामिल है।

इसके बाद उप मुख्यमंत्री ने कोपाबेड़ा क्षेत्र में 3 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से किए जा रहे तालाब सौंदर्यीकरण एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण कार्यों की सराहना करते हुए इनके समय पर पूर्ण होने के निर्देश दिए।

उन्होंने कोपाबेड़ा से शिव मंदिर तक निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी जायजा लिया। लगभग 2.9 किलोमीटर लंबी यह सड़क 4 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जाए।

इसके अलावा उप मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया, जो कोण्डागांव से नारायणपुर को जोड़ता है। उन्होंने सड़क के साथ-साथ बनने वाले पुल और पुलियों की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण एजेंसी को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्माणाधीन मार्गों के कारण बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

अंत में उन्होंने कोण्डागांव के चिखलपुट्टी में नवनिर्मित बस स्टैंड का अवलोकन किया और वहां यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतू उसेंडी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।