प्रेस क्लब रायपुर की कार्यकारिणी की दूसरी बैठक संपन्न, 1 फरवरी से होगा स्व. कुलदीप निगम इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट

प्रेस क्लब रायपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की दूसरी बैठक में 1 फरवरी से शुरू होने वाले स्व. कुलदीप निगम इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रेस क्लब सदस्यों को रियायती दर पर स्वास्थ्य सुविधा देने हेतु नामी अस्पतालों से करार की प्रक्रिया शुरू की गई।

Jan 28, 2026 - 12:23
 0  7
प्रेस क्लब रायपुर की कार्यकारिणी की दूसरी बैठक संपन्न, 1 फरवरी से होगा स्व. कुलदीप निगम इंटर प्रेस क्रिकेट टूर्नामेंट

UNITED NEWS OF ASIA.अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। प्रेस क्लब रायपुर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी की दूसरी बैठक प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न हुए बसंत उत्सव एवं भंडारे तथा 26 जनवरी को आयोजित प्रेस क्लब सदस्यों के पिकनिक कार्यक्रम को लेकर सभी कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई दी गई। इन आयोजनों की समीक्षा करते हुए भविष्य में कार्यक्रमों को और अधिक सुव्यवस्थित, प्रभावी एवं सदस्यों की सहभागिता बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में आगामी 1 फरवरी 2026 से आयोजित होने जा रही स्वर्गीय कुलदीप निगम इंटर प्रेस क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। प्रतियोगिता के स्वरूप, अंतिम चरण की तैयारियों तथा सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया। यह प्रतियोगिता सुभाष स्टेडियम रायपुर में आयोजित की जाएगी। मैदान की व्यवस्था, आवश्यक खेल सामग्री, तकनीकी प्रबंधन एवं आयोजन से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं पर सहमति बनी।

इसके साथ ही नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के कार्यभार ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर भी आवश्यक व्यवस्थाओं और दायित्वों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए।

बैठक का एक महत्वपूर्ण विषय प्रेस क्लब सदस्यों की स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ा रहा। अध्यक्ष मोहन तिवारी ने सदस्यों से किए गए वादे को अमल में लाने की दिशा में ठोस पहल करते हुए बताया कि प्रेस क्लब सदस्यों को रियायती दर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस उद्देश्य से अलग-अलग टीमों का गठन कर प्रतिष्ठित डॉक्टरों एवं नामी अस्पताल प्रबंधन से संपर्क करने का निर्णय लिया गया।

प्रेस क्लब ने सैद्धांतिक रूप से सहमति व्यक्त की कि क्लब के सदस्यों को प्रमुख अस्पतालों में रियायती दर पर इलाज की सुविधा दी जाए। इसके लिए अगले एक सप्ताह के भीतर अस्पताल प्रबंधन से चर्चा कर एमओयू (करार) के मसौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा, ताकि सदस्य शीघ्र इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि अध्यक्ष मोहन तिवारी के नेतृत्व में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी प्रेस क्लब के समग्र विकास, पारदर्शी कार्यप्रणाली और सदस्यों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर निर्णय लेती रहेगी।

इस बैठक में उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु एवं संयुक्त सचिव भूपेंद्र जांगड़े सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।