विधायक नीलकंठ टेकाम ने केशकाल-विश्रामपुरी सड़क का किया भूमिपूजन, 33 किलोमीटर की नई सड़क निर्माण हेतु स्वीकृति

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने 27 जनवरी को केशकाल नाका चौक से विश्रामपुरी सलना तक 33 किलोमीटर लंबी नवीन सड़क का भूमिपूजन किया। 39.20 करोड़ की लागत से बनने वाली यह सड़क भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़ी है। भूमि पूजन कार्यक्रम में जल संसाधन और लोक निर्माण विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई।

Jan 28, 2026 - 12:36
 0  8
विधायक नीलकंठ टेकाम ने केशकाल-विश्रामपुरी सड़क का किया भूमिपूजन, 33 किलोमीटर की नई सड़क निर्माण हेतु स्वीकृति

UNITED NEWS OF ASIA.रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव। केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने आज विश्रामपुरी में केशकाल नाका चौक से सलना तक लगभग 33 किलोमीटर लंबी नवीन सड़क का भूमि पूजन किया। यह सड़क भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत 39.20 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार होगी और क्षेत्र की जनता को जर्जर सड़कों की समस्या से निजात दिलाएगी।

पिछले कई वर्षों से केशकाल-विश्रामपुरी सड़क की खराब स्थिति के कारण राहगीरों और किसानों को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। विधायक टेकाम के प्रयासों के बाद राज्य सरकार ने इस सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक राशि स्वीकृत की और इसे डिवाइडर वाली आधुनिक सड़क के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया।

भूमि पूजन कार्यक्रम में विधायक ने विश्रामपुरी जलाशय की मुख्य नहर का शीर्ष मरम्मत एवं लाइनिंग कार्य (2.10 करोड़ रुपए) और पेंड्रावन में सती नाल में स्टाफ डैम निर्माण (2.58 करोड़ रुपए) का भी भूमि पूजन किया। विधायक ने कहा कि पिछले दो वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में कई लंबित कार्य पूरे किए गए हैं, जो पिछले दस वर्षों में स्वीकृत नहीं हो पाए थे।

विधायक ने इस अवसर पर यह भी घोषणा की कि केशकाल में 11 किलोमीटर लंबी बाईपास सड़क का कार्य भी जल्द शुरू होगा और इसे जल्द ही जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा बड़ेराजपुर क्षेत्र की लंबित सड़क परियोजनाओं पर भी कार्यवाही शुरू कर दी गई है, जिससे जनता को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

साथ ही विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए 132 केवी का नया पावर हाउस जमगांव में जल्द तैयार होने और विश्रामपुरी में बिजली विभाग का नया उपसंभाग स्वीकृत होने की जानकारी दी, जिससे बिजली कट की समस्या दूर होगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में केशकाल विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सेवक राम नेताम, जिला उपाध्यक्ष अनीता नेताम, मंडल महामंत्री रविंद्र पांडे, नेमी पांडेय और भाजपा कार्यकर्ता व विश्रामपुरी के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि जनता का विश्वास उनके लिए सर्वोपरि है और आने वाले दिनों में क्षेत्र की लंबित सभी मांगों को पूर्ण किया जाएगा।