रायपुर पुलिस ने गोगो पेपर और हुक्का सामग्री के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया
रायपुर पुलिस ने युवाओं में नशे की रोकथाम हेतु ‘गोगो पेपर’ और हुक्का सामग्री के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया। करीब 2 लाख रुपये मूल्य के रोलिंग पेपर जप्त और 09 दुकानों को COTPA एक्ट के तहत सील किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA.हसीब अख्तर, रायपुर | पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश और नॉर्थ जोन पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर के मार्गदर्शन में युवाओं में बढ़ते नशे के प्रचलन, विशेषकर गांजा (Marijuana) के सेवन को रोकने के लिए व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन दुकानों और ठेलों को चिन्हित किया, जो युवाओं को नशे के लिए घातक सामग्री उपलब्ध करा रहे थे।
जांच के दौरान सामने आया कि कई पान ठेले और गुमटियां ‘गोगो पेपर’ और चिलम बेचकर युवाओं को नशा करने में मदद कर रही थीं। पुलिस ने इस अवैध नेटवर्क को तोड़ते हुए करीब 2 लाख रुपये मूल्य के रोलिंग पेपर जब्त किए। इन रोलिंग पेपर का प्रयोग गांजा की सिगरेट बनाने में होता है, जो युवाओं के स्वास्थ्य और भविष्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
साथ ही, नॉर्थ जोन की टीम ने COTPA एक्ट (Cigarette and Other Tobacco Products Act) के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास और सार्वजनिक क्षेत्रों में अवैध सामग्री बेचने वाले कुल 09 संस्थानों को सील कर बंद किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहा. पुलिस आयुक्त (उरला) सुश्री पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस ने सप्लाई चेन का भी खुलासा किया। पूछताछ और जप्त सामग्रियों के अध्ययन से यह पता चला कि यह अवैध सामग्री किस स्रोत से आ रही थी। इसके पीछे के थोक विक्रेता और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं। इन मुख्य कड़ियों के खिलाफ जल्द ही छापेमारी की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क को समाप्त किया जा सके।
इस अभियान से युवाओं को नशे के घातक प्रभाव से बचाने और शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि भविष्य में इस प्रकार की चेकिंग और अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि नशे के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।