सुधा वाटिका में शिवलिंग व नंदी महाराज खंडन मामले का त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर मनोरोग चिकित्सालय भेजा गया

कवर्धा के सुधा वाटिका गार्डन परिसर में हुई शिवलिंग व नंदी महाराज खंडन की घटना का कवर्धा पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ पाए जाने पर न्यायालय के आदेश से मनोरोग चिकित्सालय भेजा गया।

Jan 16, 2026 - 15:16
 0  18
सुधा वाटिका में शिवलिंग व नंदी महाराज खंडन मामले का त्वरित खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर मनोरोग चिकित्सालय भेजा गया

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। थाना कवर्धा क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर पारा स्थित सुधा वाटिका गार्डन परिसर में शिव मंदिर के शिवलिंग एवं नंदी महाराज के खंडन की गंभीर घटना को कवर्धा पुलिस ने अत्यंत संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ सुलझा लिया है। इस घटना से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने की शिकायत पर दिनांक 10 जनवरी 2026 को थाना कवर्धा में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 298 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

पुलिस अधीक्षक  धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  पुष्पेंद्र बघेल एवं  अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना कवर्धा पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन, नजरी नक्शा तैयार करना, प्रत्यक्षदर्शी एवं आसपास के लोगों के कथन लेना तथा क्षेत्र में सघन पतासाजी की गई।

पुलिस की सतर्कता और निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप घटना में संलिप्त आरोपी राज देवार उर्फ छोटे देवार, पिता कृष्णा देवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी लोहारा नाका वार्ड क्रमांक 05, कवर्धा को चिन्हित कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी का व्यवहार असामान्य पाए जाने पर निष्पक्ष एवं वैधानिक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उसका जिला चिकित्सालय कवर्धा में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।

चिकित्सकीय परीक्षण में आरोपी को शारीरिक रूप से स्वस्थ किंतु मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया, जिसके पश्चात उसे समुचित उपचार हेतु मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, जिला बिलासपुर रेफर किया गया। जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि आरोपी का पूर्व में भी मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, बिलासपुर में इलाज कराया जा चुका है।

आरोपी को दिनांक 15 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां उसकी मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए माननीय न्यायालय द्वारा उसे उपचार हेतु मनोरोग चिकित्सालय सेन्द्री, जिला बिलासपुर भेजने का आदेश पारित किया गया।

कवर्धा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य पर सख्त एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक योगेश कश्यप, एसआई शालिनी वर्मा, रघुवंश पाटिल, एएसआई सुनील यादव, आरक्षक अजय वैष्णव, हीरेन्द्र, संतोष बांधेकर, धर्मेंद्र मरावी, साइबर प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान, आरक्षक संदीप शुक्ल (509) एवं गोपाल राजपूत (97) का विशेष योगदान रहा।