रेडक्रॉस शिविर में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले — सेवा ही श्रेष्ठ नागरिकता, युवाओं में भरा उत्साह

महासमुंद में आयोजित जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने युवाओं को सेवा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस एक विचारधारा है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति देती है। शिविर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रशिक्षण सत्रों ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

Nov 13, 2025 - 12:19
 0  24
रेडक्रॉस शिविर में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल बोले — सेवा ही श्रेष्ठ नागरिकता, युवाओं में भरा उत्साह

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, महासमुंद | इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, महासमुंद शाखा द्वारा अंबेडकर भवन, संजय कानन परिसर में एक जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का भव्य आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य युवाओं में मानवता, सेवा और श्रेष्ठ नागरिकता के भाव को विकसित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल शामिल हुए।

शिविर का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा —

“रेडक्रॉस केवल एक संगठन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा की विचारधारा है। यह युवाओं को प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन और जीवन मूल्यों का प्रशिक्षण देकर समाज में संवेदनशीलता की भावना विकसित करता है।”

उन्होंने कहा कि युवा ही समाज का भविष्य हैं। रेडक्रॉस जैसी संस्थाएं उनमें निस्वार्थ सेवा, जिम्मेदारी और करुणा की भावना जगाती हैं। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को सकारात्मक बदलाव की शक्ति देता है, जिससे वे बेहतर नागरिक बन सकते हैं।

शिविर के दौरान प्रशिक्षणार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया और माहौल को प्रेरणादायी बना दिया।

विधायक डॉ. अग्रवाल ने रेडक्रॉस महासमुंद शाखा की सराहना करते हुए कहा कि,

“रेडक्रॉस का कार्य केवल आपदा राहत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हर दिन मानवता, करुणा और सहयोग का भाव जगाने की प्रेरणा देता है।”

कार्यक्रम के अंत में रेडक्रॉस महासमुंद शाखा ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष निखिल कांत साहू, रेडक्रॉस सभापति संदीप दीवान, पूर्व उपसभापति दाऊलाल चंद्राकर, पूर्व पार्षद मनीष शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, शिविर प्रभारी डॉ. मालती तिवारी, राज्य रेडक्रॉस अधिकारी अशोक गिरी, खेल अधिकारी अंजली बरमाल, शिक्षक शोभा दीवान, राहुल चंद्राकर, आनंद साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।