VSK ऐप पर 707 शिक्षक ऑनलाइन अनुपस्थित, वेतन आहरण पर संशय
मोहला-मानपुर-चौकी जिले में VSK ऐप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था लागू होने के बाद 707 शिक्षक-शिक्षिकाएं 30 जून तक ऑनलाइन अनुपस्थित दर्ज हुए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने पर वेतन आहरण नहीं किया जाएगा। हालांकि नेटवर्क और तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों ने चिंता जताई है।
UNITED NEWS OF ASIA.जावेद खान, मोहला-मानपुर l लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा लागू की गई ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था के तहत जिले में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं की अनुपस्थिति सामने आई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक जिले के 707 शिक्षक-शिक्षिकाएं VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप पर ऑनलाइन अनुपस्थित दर्ज हुए हैं। विभागीय आदेश के अनुसार ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने की स्थिति में संबंधित कर्मचारियों का वेतन आहरण नहीं किया जाएगा।
लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी शासकीय विद्यालयों के शिक्षकीय एवं शैक्षणिक कर्मचारियों की उपस्थिति VSK मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से दर्ज करना अनिवार्य किया है। निर्देशों के अनुसार 16 जून से सभी कर्मचारियों को प्रतिदिन ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी थी। आदेश में स्पष्ट उल्लेख है कि यदि किसी कर्मचारी की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होती है तो उसे अनुपस्थित माना जाएगा और नियमानुसार वेतन आहरण प्रभावित होगा।
जिले में कुल 2,786 शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यरत हैं। इनमें से 2,629 कर्मचारियों का VSK ऐप में पंजीयन किया गया है, जबकि 157 कर्मचारियों का पंजीयन अभी तक नहीं हो पाया है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक 1,922 शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज हुई, जबकि 707 शिक्षक-शिक्षिकाएं अनुपस्थित दर्ज किए गए। इस प्रकार जिले में ऑनलाइन उपस्थिति का प्रतिशत लगभग 68.99 प्रतिशत दर्ज किया गया है।
हालांकि कई शिक्षकों का कहना है कि ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं होने के पीछे उनकी अनुपस्थिति नहीं, बल्कि तकनीकी और नेटवर्क संबंधी समस्याएं प्रमुख कारण हैं। दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की कमी, लोकेशन संबंधी दिक्कत, सर्वर की समस्या तथा अन्य तकनीकी बाधाओं के कारण कई कर्मचारी समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर सके। कुछ मामलों में संलग्न शिक्षकों की स्थिति को लेकर भी भ्रम की स्थिति बनी रही।
सूत्रों के अनुसार कलेक्टर और जिला शिक्षा अधिकारी लगातार ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं तथा अधिक से अधिक शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा समय-समय पर दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे।
फिलहाल विभाग की ओर से नेटवर्क अथवा तकनीकी समस्याओं को लेकर किसी प्रकार की अलग राहत संबंधी अधिसूचना जारी नहीं की गई है। ऐसे में वर्तमान आदेश के अनुसार ऑनलाइन अनुपस्थित दर्ज कर्मचारियों के वेतन आहरण को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। बताया जा रहा है कि संबंधित आहरण एवं संवितरण अधिकारियों (DDO) को विभागीय निर्देशों के अनुरूप ही कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे।
अब शिक्षकों और शिक्षा विभाग दोनों की नजर इस बात पर है कि तकनीकी समस्याओं को देखते हुए शासन की ओर से कोई संशोधित निर्देश जारी किए जाते हैं या वर्तमान व्यवस्था के अनुसार ही आगे की कार्रवाई की जाती है।