एमसीबी पुलिस का मेगा कांबिंग अभियान, 150 पुलिसकर्मियों ने की सघन जांच

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में पुलिस ने तीनों पुलिस सब-डिवीजनों में एक साथ विशेष कांबिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान में विदेशी नागरिकों, किरायेदारों, आदतन अपराधियों और असामाजिक तत्वों का सत्यापन किया गया। करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी कार्रवाई में शामिल रहे तथा 90 मकान मालिकों को समाधान ऐप डाउनलोड कराया गया।

Jul 3, 2026 - 11:37
 0  2
एमसीबी पुलिस का मेगा कांबिंग अभियान, 150 पुलिसकर्मियों ने की सघन जांच

UNITED NEWS OF ASIA. जमील अंसारी, कोरिया l जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से एमसीबी पुलिस ने तीनों पुलिस सब-डिवीजनों में एक साथ विशेष कांबिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विदेशी प्रवासी नागरिकों, किरायेदारों, आदतन अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों का व्यापक सत्यापन किया गया।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक झा के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह के मार्गदर्शन में यह अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र नायक के नेतृत्व में संचालित किया गया। चिरमिरी सीएसपी दीपिका मिंज और जनकपुर एसडीओपी अलेक्सयुस टोप्पो की निगरानी में जिले के मनेंद्रगढ़, चिरमिरी और जनकपुर पुलिस सब-डिवीजनों में सुबह छह बजे से एक साथ कार्रवाई शुरू की गई।

अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। चिन्हित मोहल्लों में विदेशी प्रवासी नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया तथा स्थानीय लोगों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई। इसके साथ ही आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों और शराब, गांजा, नशीले पदार्थों एवं इंजेक्शन की अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों की गतिविधियों की भी जांच की गई।

पुलिस ने किरायेदार सत्यापन को प्राथमिकता देते हुए लगभग 90 मकान मालिकों को समाधान ऐप डाउनलोड कराया। अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे संदिग्ध लोगों की पहचान करने और अपराध नियंत्रण में सहायता मिलेगी।

थाना मनेंद्रगढ़ क्षेत्र में मनेंद्रगढ़, झगराखाण्ड, पुलिस लाइन और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की संयुक्त टीम ने मौहरपारा क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान चलाया। वहीं चिरमिरी क्षेत्र में थाना चिरमिरी, चौकी पौड़ी, चौकी नागपुर, चौकी कोरिया और थाना खड़गवां की संयुक्त टीम ने हल्दीबाड़ी और बड़ी बाजार क्षेत्रों में जांच की।

इसी प्रकार जनकपुर क्षेत्र में थाना जनकपुर और थाना कोटाडोल की संयुक्त टीम ने आवास पारा और खालहे पारा में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों का सत्यापन किया।

पूरे अभियान में थाना और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने क्षेत्रवार कार्रवाई करते हुए आवश्यक जानकारी एकत्रित की। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने का आग्रह किया।

एमसीबी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष कांबिंग गश्त, किरायेदार सत्यापन और सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस का कहना है कि संगठित और सतत कार्रवाई से अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत होगा।