जिला शिक्षा अधिकारी ने गुंडरदेही के विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने गुंडरदेही विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी ब्लू प्रिंट के आधार पर कराने, कमजोर छात्रों के लिए मेंटर बनाने और कठिन विषयों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए।
UNITED NEWS OF ASIA. परस साहू, बालोद | जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने आज गुंडरदेही विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवरी (ख) में बोर्ड कक्षा के विद्यार्थियों से चर्चा की और उनकी पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने प्राचार्य से छमाही परीक्षा और बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा भी की।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पाया कि प्राचार्य द्वारा अब तक कमजोर विद्यार्थियों के लिए मेंटर शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की गई थी, जिसके चलते प्राचार्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
उन्होंने जिन विषयों का पाठ्यक्रम अभी तक पूर्ण नहीं हुआ है, उनके लिए अतिरिक्त कक्षाएं लगाने के निर्देश दिए और कठिन विषयों पर विशेष ध्यान देने को कहा।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुंडरदेही के निरीक्षण के दौरान उन्होंने मेंटर शिक्षकों को विद्यार्थियों को उचित गाइडेंस देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षक ब्लू प्रिंट के आधार पर परीक्षा की तैयारी करवाएं ताकि छात्र बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
प्राचार्यों को निर्देश दिए गए कि वे बच्चों की उपस्थिति नियमित करने के लिए अभिभावकों से संपर्क करें।
इसके साथ ही, जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, गुंडरदेही का भी निरीक्षण किया और वहां के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रद्धा ठाकुर और बीआरसीसी किशोर साहू भी उपस्थित रहे।