बेमेतरा: विधायक दीपेश साहू की मौजूदगी में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा का हुआ परिचय

बेमेतरा के लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम और जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा का परिचय समारोह आयोजित किया गया। विधायक दीपेश साहू ने कार्यक्रम में छात्राओं के लिए विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए वाटर कूलर का लोकार्पण किया और महाविद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Nov 4, 2026 - 18:29
 0  3
बेमेतरा: विधायक दीपेश साहू की मौजूदगी में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित, जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा का हुआ परिचय

UNITED NEWS OF ASIA. अरुण पुरेना, बेमेतरा l छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के लक्ष्मण प्रसाद वैद्य शासकीय कन्या महाविद्यालय में युवा संवाद कार्यक्रम एवं जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा का परिचय समारोह हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, सरगुजा संभाग प्रभारी होरी लाल सिन्हा, युगल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और अतिथि भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं से संवाद करने के साथ महाविद्यालय की गतिविधियों और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा करना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विधायक दीपेश साहू और अन्य अतिथियों ने विधायक निधि से महाविद्यालय को उपलब्ध कराए गए वाटर कूलर का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस सुविधा से महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को स्वच्छ और शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। महाविद्यालय प्रबंधन ने इसे छात्राओं की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी पहल बताया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू ने स्वागत उद्बोधन में सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। उन्होंने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं के सर्वांगीण विकास और संस्थान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही महाविद्यालय के विकास में जनप्रतिनिधियों और जनभागीदारी समिति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक प्रस्तुत की। छात्राओं ने पारंपरिक सुवा नृत्य, गरबा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।

शिक्षा और छात्राओं के विकास को प्राथमिकता देने की बात

विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह जीवन को बेहतर बनाने और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राएं समाज और प्रदेश का भविष्य हैं। उनके लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, जरूरी सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महाविद्यालय के विकास और छात्राओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक निधि से वाटर कूलर उपलब्ध कराना इसी दिशा में किया गया प्रयास है।

विधायक ने जनभागीदारी समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मनोज मिश्रा के नेतृत्व में समिति महाविद्यालय के विकास और छात्राओं के हित में सक्रिय भूमिका निभाएगी।

महाविद्यालय के विकास के लिए समन्वय पर जोर

नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने इस दायित्व के लिए विधायक दीपेश साहू और वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय का विकास, छात्राओं की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। जनभागीदारी समिति और महाविद्यालय परिवार के बीच बेहतर समन्वय बनाकर छात्राओं के हित में सकारात्मक पहल की जाएगी।

कार्यक्रम में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष मनोज मिश्रा, प्राचार्य डॉ. डी.आर. साहू, लक्की साहू, उमेश्वरी साहू, रोहित साहू, योगेश वर्मा, पीजी कॉलेज जनभागीदारी अध्यक्ष सौरभ साहू, भीभौरी जनभागीदारी अध्यक्ष सोनू साहू, रवि पप्पू वर्मा, विवेक देवांगन, मेघा तिवारी और श्वेता पावले सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।