गुढ़ियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित कोडीन सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीन नशीली सिरप की 249 शीशियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं खमतराई क्षेत्र में गांजा तस्करी के मामले में भी दो आरोपियों को पकड़ा गया है।

Jun 6, 2026 - 16:32
 0  3
गुढ़ियारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, प्रतिबंधित कोडीन सिरप के साथ आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. हाशिब अख्तर, रायपुर l रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कोडीन नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में नशीली सिरप और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस ने तत्काल टीम बनाकर मौके पर दबिश दी।

पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से प्रतिबंधित कोडीन सिरप की 249 शीशियां बरामद हुईं, जिनकी कुल मात्रा लगभग 25 लीटर बताई गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास इन दवाओं को रखने या बेचने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 (सी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल कुमार साहू निवासी मंगलवाड़ा, थाना चरौदा, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस अब इस मामले में बैकएंड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

इसी तरह रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में भी पुलिस और साइबर क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग ढाई किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार ध्रुव और सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

डीसीपी नॉर्थ जोन रायपुर मयंक गुर्जर ने बताया कि शहर में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता युवाओं को नशे के जाल से बचाना और इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है।