UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर l प्रेस क्लब की नवगठित कार्यकारिणी ने जिम्मेदारी संभालने के बाद अपनी गतिविधियों को तेज कर दिया है। नई टीम ने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर संवाद की शुरुआत की। इसी क्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल और जिला जनसंपर्क अधिकारी संतकुमार कच्छप से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान पत्रकार हितों, पत्रकार सुरक्षा, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय तथा जिले के जनसरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों और मंत्री को नारायणपुर प्रेस क्लब के गठन, उसके उद्देश्यों और नवगठित कार्यकारिणी की जानकारी दी। इस दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों की सूची भी सौंपी गई। प्रेस क्लब की नई टीम ने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और पत्रकारिता से जुड़े विषयों को उचित मंच तक पहुंचाना है। साथ ही जिले की जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को तथ्यपरक और निष्पक्ष तरीके से सामने लाने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल से मुलाकात के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा और पुलिस विभाग तथा मीडिया के बीच बेहतर तालमेल को लेकर चर्चा हुई। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि समाचार संकलन और प्रकाशन के दौरान तथ्यपरकता, निष्पक्षता और नियमों का पालन उनकी प्राथमिकता रहेगी। पत्रकारिता के दौरान आने वाली चुनौतियों और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर भी संवाद किया गया। एसपी ने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।
कलेक्टर नम्रता जैन से मुलाकात के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों का परिचय कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कार्यकारिणी की सूची सौंपते हुए जिले में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों को सामने रखा। इसके साथ ही स्थानीय जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने नई टीम को शुभकामनाएं दीं और प्रशासन तथा मीडिया के बीच बेहतर संवाद और समन्वय की आवश्यकता पर सकारात्मक चर्चा की।
नारायणपुर विधायक और छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप से हुई मुलाकात में पत्रकार हितों से जुड़े कई विषय प्रमुखता से उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस क्लब के गठन और उसके उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कार्यकारिणी की सूची सौंपी। चर्चा के दौरान पत्रकारों के हित, उनकी सुरक्षा और पत्रकार सुरक्षा कानून से जुड़े विषयों पर प्रेस क्लब की ओर से अपनी बात रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के हित में आवश्यक सहयोग और सकारात्मक पहल की अपेक्षा भी जताई।
मंत्री केदार कश्यप ने नारायणपुर प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के हित में सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रेस क्लब पत्रकारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ जिले के जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जिला जनसंपर्क अधिकारी संतकुमार कच्छप से मुलाकात के दौरान भी मीडिया और प्रशासन के बीच समन्वय को लेकर चर्चा हुई। प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने कहा कि आने वाले समय में संगठन पत्रकारों की समस्याओं और हितों को उचित मंच तक पहुंचाने के साथ-साथ जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेगा। प्रेस क्लब ने निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है। नई कार्यकारिणी की अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से ये मुलाकातें संगठन की सक्रिय शुरुआत के रूप में देखी जा रही हैं।