तिल्दा नेवरा में ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत कार्रवाई, 2 किलो गांजा, नशीली टेबलेट और चाकू के साथ युवक गिरफ्तार; अवैध शराब के साथ महिला भी पकड़ी गई
रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा नेवरा में पुलिस ने ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत अवैध मादक पदार्थों और शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, एक युवक के कब्जे से 2 किलो गांजा, 30 नशीली टेबलेट और बटनदार चाकू बरामद किया गया। वहीं, एक महिला के पास से देशी शराब के 24 पौव्वे और बिक्री की रकम जब्त की गई। दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा- नेवरा l रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत की गई इस कार्रवाई में एक युवक के कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा, 30 नशीली टेबलेट और एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया गया। वहीं, एक महिला के पास से देशी मदिरा मसाला के 24 पौव्वे और बिक्री की रकम जब्त की गई। पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चंचल तिवारी और अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चला रही है।
खंडहर भवन के पास गांजा और नशीली टेबलेट बरामद
पुलिस के अनुसार, तिल्दा के देवारपारा स्थित एक खंडहर भवन के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति के गांजा और नशीली टेबलेट रखकर ग्राहकों की तलाश करने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलोग्राम गांजा, 30 नशीली टेबलेट और एक बटनदार गुप्तीनुमा चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 12 हजार रुपये बताई है।
इस मामले में गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश कुमार वर्मा उर्फ लेखू, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम घुलघुल, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 469/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी), 22(सी) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 के अंतर्गत मामला दर्ज किया। प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने के बाद केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
24 पौव्वे देशी शराब के साथ महिला गिरफ्तार
इसी अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के मामले में भी कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि तिल्दा नेवरा के देवारपारा स्थित नसीब ढाबा के पीछे एक महिला शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। मौके पर कार्रवाई के दौरान बसंती देवार, उम्र 40 वर्ष, निवासी देवारपारा, तिल्दा नेवरा के कब्जे से शेरा कंपनी की देशी मदिरा मसाला के 24 पौव्वे बरामद किए गए।
पुलिस ने शराब की कीमत 2,400 रुपये और बिक्री की रकम 300 रुपये बताई है। इस तरह कुल 2,700 रुपये की सामग्री और रकम जब्त की गई। इस मामले में अपराध क्रमांक 470/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) में अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
तिल्दा नेवरा पुलिस ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।