राजनांदगांव कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब बिक्री में दो आरोपी गिरफ्तार
राजनांदगांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से देशी शराब और नकदी जब्त कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
UNITED NEWS OF ASIA. नेमिश अग्रवाल, राजनांदगांव l राजनांदगांव जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से देशी शराब की बड़ी मात्रा और बिक्री से प्राप्त नकदी जब्त की है।
यह कार्रवाई 05 जून 2026 को उस समय की गई जब पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पुराना बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास कुछ व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना सिटी कोतवाली की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। पूछताछ में उनकी पहचान मोहम्मद मकसूद अली, निवासी सिनापल्ली, थाना धनकोटा, जिला संबलपुर (उड़ीसा) और किशोर भट्टाचार्य, निवासी चोपना पोस्ट बादलपुर, थाना चोपना, जिला बैतूल (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से कुल 53 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 9.540 बल्क लीटर है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 4,240 रुपये आंकी गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 1,370 रुपये नकद भी बरामद किए गए। कुल जब्त सामग्री की कीमत लगभग 5,610 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी मोहम्मद मकसूद अली के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसमें रायपुर डी.डी. नगर थाने में चोरी और सेंधमारी से जुड़े मामले तथा डोंगरगढ़ और अन्य स्थानों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
वहीं दूसरे आरोपी किशोर भट्टाचार्य के खिलाफ भी गंभीर आपराधिक मामला दर्ज पाया गया है, जिसमें पोक्सो एक्ट और दुष्कर्म से संबंधित धाराएं शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऐसे आपराधिक प्रवृत्ति वाले व्यक्तियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सिटी कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध शराब बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई की जाएगी।