जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपने परिजन के साथ ईरागांव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार 5 मार्च की दोपहर करीब 3 बजे पीड़िता अपनी मां के साथ घर पर थी। उसी दौरान पीड़िता के जान-पहचान के ग्राम बिन्झे के पांच युवक—कमलेश मंडावी (22 वर्ष) और संतोष मंडावी सहित तीन अन्य बालक—घर पहुंचे और रंग-गुलाल लगाने के बहाने अंदर आए।
आरोप है कि आरोपियों ने पीड़िता की मां को बहाने से गांव में शराब लाने के लिए बस्ती की ओर भेज दिया। इसके बाद घर में पीड़िता को अकेला पाकर आरोपियों ने जबरन पकड़कर कमरे के अंदर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। घटना के दौरान पीड़िता की मां जब वापस लौटी तो दरवाजे के पास खड़ा एक बालक उसे आते देख चिल्लाते हुए भाग गया।
पीड़िता की मां जब कमरे के पास पहुंची तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ ही देर बाद आरोपी दरवाजा खोलकर भागने लगे। इस दौरान पीड़िता की मां ने कमलेश मंडावी और मनोज मंडावी को पकड़कर डंडे से मारते हुए खदेड़ दिया। बाद में पीड़िता की शिकायत पर ईरागांव थाना में अपराध दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) केशकाल अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में तत्काल कार्रवाई शुरू की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक कोमल राठौर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के गांव पहुंचकर घेराबंदी की और कमलेश मंडावी, मनोज मंडावी सहित तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा, जबकि विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी ईरागांव निरीक्षक कोमल राठौर, थाना प्रभारी धनोरा भुनेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक विनोद चंदेल, अनिता मेश्राम, विष्णु नरेटी, प्रधान आरक्षक सुखबती सलाम, पंचू मरकाम, आरक्षक बुधराम मंडावी, हर्षवर्धन नेताम, सरजू मरकाम, मंजीत पोयम और महिला आरक्षक चंपी नेताम सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और कानून के तहत आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।