नारायणपुर में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता, नक्सलियों का डंप सामग्री और IED बरामद
जिला नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान पुलिस, डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में डंप सामग्री और एक प्रेशर कुकर IED बरामद कर उसे सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किया।
UNITED NEWS OF ASIA. संतोष मजुमदार, नारायणपुर | नारायणपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल उन्मूलन नीति के अंतर्गत जिला नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान नक्सलियों की भारी मात्रा में डंप सामग्री और एक IED बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 जनवरी 2026 को नारायणपुर पुलिस, डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) एवं आईटीबीपी की संयुक्त टीम द्वारा घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र ग्राम मडोड़ा से भोटोर के बीच जॉइंट सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इसी दौरान ग्राम भोटोर के पास सघन जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक विशाल डंप सुरक्षा बलों को मिला।
सुरक्षाबलों द्वारा की गई घेराबंदी और सघन तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में डेटोनेटर, रसद सामग्री, नक्सली उपयोग के उपकरण, बड़े ड्रमों में रखा राशन एवं दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई। इससे नक्सलियों की क्षेत्र में बड़ी साजिश को समय रहते विफल करने में सफलता मिली है।
सर्चिंग के दौरान जवानों को एक प्रेशर कुकर आधारित IED भी मिली, जिसे आईटीबीपी की बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) टीम द्वारा मौके पर ही सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया गया। IED के निष्क्रिय होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से नक्सलियों की लॉजिस्टिक सप्लाई को बड़ा झटका लगा है और क्षेत्र में उनकी गतिविधियों पर प्रभाव पड़ेगा। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है और सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी है।