विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से बहुप्रतीक्षित रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना के लिए मिली 63.80 करोड़ रु. की स्वीकृति, 8 गाँव के हजारों किसानों को मिलेगा लाभ
पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को 63.80 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। इस योजना से 8 गांवों के हजारों किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन बढ़ेगा।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया | पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। वर्षों से लंबित रेंगाबोड़ (कुंडा) व्यपवर्तन योजना को विधायक भावना बोहरा के प्रयासों से 63 करोड़ 80 लाख रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस योजना को केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
यह महत्वाकांक्षी परियोजना ग्राम बनियाकुबा, रेंगाबोड़ (कुंडा), ओड़ाडबरी, लोखान, सेन्हाभाटा, दुल्लापुर, बर्घरा और भुवालपुर सहित आसपास के गांवों के हजारों किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी। योजना के पूरा होने पर करीब 1620 हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसल के लिए पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे किसान अब केवल बारिश पर निर्भर नहीं रहेंगे और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
विधायक भावना बोहरा ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में जल संसाधन को सुदृढ़ करने के लिए कई अन्य परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है, जिससे किसानों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि बकेला क्षेत्र में हाफ नदी व्यपवर्तन योजना, रमतला जलाशय कार्य, क्रांति और देवसरा जलाशय की नहरों का रिमॉडलिंग, सुतियापाट मध्यम सिंचाई परियोजना सहित कई योजनाएं निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा महीडबरा जलाशय सुधार, छीरपानी में एनीकट निर्माण तथा अमनिया क्षेत्र में कन्हैया नाला पर निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
विधायक ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल संचयन क्षमता बढ़ेगी, सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और किसानों की आय में वृद्धि होगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और पंडरिया विधानसभा क्षेत्र कृषि क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।