विधायक भावना बोहरा ने ₹97.43 लाख के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन, पंडरिया विधानसभा को मिली नई सौगात
पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रामपुर (ठाठापुर) में डेम, पुलिया, नाली, सीसी रोड एवं जल संरक्षण से जुड़े ₹97.43 लाख के विभिन्न विकास व अधोसंरचना निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों से ग्रामीण अधोसंरचना, आवागमन और जल प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. पंडरिया। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास की गति को और तेज़ करते हुए विधायक भावना बोहरा ने ग्राम रामपुर (ठाठापुर) में ₹97 लाख 43 हजार की लागत से विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आजीविका मिशन अंतर्गत महिला समूहों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में भी उन्होंने सहभागिता की और क्षेत्रवासियों को विकास कार्यों की सौगात दी।
विधायक भावना बोहरा ने ₹43 लाख 68 हजार की लागत से बॉक्स कल्वर्ट एवं आरसीसी नाली निर्माण, ₹25 लाख की लागत से रानी खेत के पास स्टापडेम निर्माण, गनियारी नाला में ₹19 लाख की लागत से चेकडेम निर्माण, ₹8 लाख की लागत से प्राथमिक शाला के पास पुलिया निर्माण तथा ₹1 लाख 75 हजार की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि पंडरिया विधानसभा के गांव–गांव तक विकास पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, पुलिया, जल संरक्षण, नाली निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीणों के जीवन स्तर में निरंतर सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इन विकास व अधोसंरचना निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से जल संरक्षण, आवागमन सुविधा और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। पंडरिया विधानसभा में आज जो विकास की तस्वीर दिखाई दे रही है, वह डबल इंजन भाजपा सरकार की दूरदर्शी नीतियों और सशक्त नेतृत्व का परिणाम है।
भावना बोहरा ने आगे कहा कि डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है कि हर गांव तक सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचे। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। वहीं पुल-पुलिया, सीसी रोड, नाली निर्माण, स्टापडेम और चेकडेम जैसे कार्यों से खेती, जल प्रबंधन और गांवों की आंतरिक कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान मंडल अध्यक्ष नरेश साहू, महामंत्री दारा सिंह, जिला मंत्री राघवेंद्र वर्मा, सरपंच गोपाल नेताम, जनपद सदस्य प्रतिनिधि पिंटू सिंह, रूखमणि खोमलाल कौशिक सहित भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।