सरगुजा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 22 वाहन जब्त, मांड और मैनी नदी में चल रहा था रेत उत्खनन

सरगुजा जिले के सीतापुर और बतौली क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 वाहनों को जब्त किया है। मांड और मैनी नदी में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई जारी है।

Mar 27, 2026 - 11:20
 0  5
सरगुजा में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: 22 वाहन जब्त, मांड और मैनी नदी में चल रहा था रेत उत्खनन

UNITED NEWS OF ASIA. आकाश सोनकर, अंबिकापुर | सरगुजा जिले में अवैध खनन के खिलाफ माइनिंग विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़े स्तर पर अभियान चलाया है। सरगुजा जिला के सीतापुर और बतौली क्षेत्रों में मांड और मैनी नदी में चल रहे अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई करते हुए विभाग ने एक साथ 22 वाहनों को जब्त किया है।

माइनिंग विभाग को लंबे समय से इन क्षेत्रों में अवैध खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू के निर्देशन में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत माइनिंग विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान केसला, मिठुआ, राधापुर, मंगरैलगढ़, नवाटोली, काराबेल और प्रतापगढ़ क्षेत्रों में जांच की गई। यहां रेत के अवैध परिवहन में लगे 14 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन को मौके पर ही जब्त किया गया। इसके अलावा रास्ते में अवैध गिट्टी परिवहन करते हुए 6 हाईवा और 1 टीपर वाहन भी पकड़े गए।

इस तरह कुल 22 वाहनों को जब्त कर उन्हें सीतापुर, बतौली और रघुनाथपुर थानों की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। संबंधित मामलों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की विभिन्न धाराओं के तहत अर्थदंड की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

खनिज अधिकारी अनिल कुमार साहू ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त कार्रवाई में माइनिंग विभाग के साथ-साथ नगर सैनिक और राजस्व विभाग की टीम भी शामिल रही। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा करना और अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना है।

स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे अवैध खनन पर अंकुश लगेगा। प्रशासन का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती से नकेल कसी जा सके।