रायपुर IPL मैच में कॉर्पोरेट बॉक्स में मारपीट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल मैच के दौरान कॉर्पोरेट बॉक्स में युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सिगरेट देने से इनकार करने पर विवाद हुआ और युवक के साथ मारपीट की गई। घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

May 11, 2026 - 19:19
 0  2
रायपुर IPL मैच में कॉर्पोरेट बॉक्स में मारपीट, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

UNITED NEWS OF ASIA. हसीब अख्तर, रायपुर l रायपुर में आयोजित आईपीएल मैच के दौरान शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम में मारपीट की घटना सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, स्टेडियम के कॉर्पोरेट बॉक्स में एक युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और वीआईपी एरिया में निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि विवेक तिवारी नामक युवक मैच देखने के लिए कॉर्पोरेट बॉक्स में मौजूद था। इसी दौरान सिगरेट देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि सिगरेट देने से इनकार करने पर विकास अग्रवाल नामक व्यक्ति ने युवक के साथ मारपीट की।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि कॉर्पोरेट बॉक्स के भीतर ही हाथापाई शुरू हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। घटना का वीडियो और जानकारी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, आरोपी विकास अग्रवाल का नाम पहले भी एक गोलीकांड मामले में सामने आ चुका है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन घटना के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि आखिर ऐसे लोगों की मौजूदगी हाई-प्रोफाइल कॉर्पोरेट बॉक्स तक कैसे पहुंची।

स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक और वीआईपी मेहमान मौजूद थे। ऐसे में कॉर्पोरेट बॉक्स जैसे हाई सिक्योरिटी जोन में मारपीट की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि लाखों रुपये खर्च कर कॉर्पोरेट बॉक्स की टिकट खरीदने वाले दर्शकों को यदि सुरक्षित माहौल नहीं मिल पा रहा है, तो यह आयोजन प्रबंधन की बड़ी लापरवाही है।

घटना के बाद स्टेडियम में तैनात पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि वीआईपी और कॉर्पोरेट एरिया में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी और अधिक सख्त होनी चाहिए थी।

फिलहाल इस मामले में पुलिस द्वारा जांच किए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस स्टेडियम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल सकती है ताकि विवाद और मारपीट की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। वहीं पीड़ित पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने की भी चर्चा है।

आईपीएल जैसे बड़े आयोजन में इस तरह की घटना सामने आने से आयोजन प्रबंधन और सुरक्षा एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि खेल का माहौल सुरक्षित और अनुशासित होना चाहिए, ताकि दर्शक बिना किसी भय और तनाव के मैच का आनंद ले सकें।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और आयोजन प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है। वहीं घटना ने रायपुर में आयोजित आईपीएल मैच की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है।