अभिषेक अग्रवाल ने जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार संभाला, भोरमदेव मंदिर में पूजा कर की नई जिम्मेदारी की शुरुआत

नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने जिला पंचायत कबीरधाम का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने भोरमदेव मंदिर में पूजा-अर्चना की और शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने को अपनी प्राथमिकता बताया।

Feb 23, 2026 - 18:43
 0  4
अभिषेक अग्रवाल ने जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का पदभार संभाला, भोरमदेव मंदिर में पूजा कर की नई जिम्मेदारी की शुरुआत

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा | भिषेक अग्रवाल ने आज जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने जिले के प्रसिद्ध भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और नई जिम्मेदारी के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया।

पदभार ग्रहण करने के उपरांत नवनियुक्त सीईओ ने कलेक्टर गोपाल वर्मा से सौजन्य भेंट कर प्रशासनिक समन्वय को लेकर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी ली।

इस अवसर पर अभिषेक अग्रवाल ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य शासन, उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनका प्रमुख लक्ष्य रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, समयबद्धता और पारदर्शिता के साथ करना उनकी कार्यशैली की प्राथमिकता होगी।

नवनियुक्त सीईओ ने कहा कि जिले में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर समग्र विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन तथा गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना भी प्रशासन की अहम जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाकर योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने पर जोर दिया।

उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए पंचायत स्तर पर योजनाओं की सतत निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी पात्र हितग्राही को लाभ से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें और शासन की मंशा के अनुरूप परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनाएं।

उल्लेखनीय है कि श्री अभिषेक अग्रवाल राज्य प्रशासनिक सेवा के वर्ष 2013 बैच के अधिकारी हैं और उनका मूल पद अपर कलेक्टर है। अपने प्रशासनिक सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। उनकी प्रथम नियुक्ति महासमुंद जिले में डिप्टी कलेक्टर के रूप में हुई थी। इसके पश्चात वे पिथौरा, सरायपाली, कटघोरा और बोड़ला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

इसके अलावा वे दंतेवाड़ा जिले में अपर कलेक्टर, नगर निगम रायपुर में अपर आयुक्त, गृह विभाग में उपसचिव तथा दुर्ग जिले में अपर कलेक्टर के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। अब वे जिला पंचायत कबीरधाम के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के रूप में जिले की ग्रामीण विकास योजनाओं की कमान संभालेंगे।

प्रशासनिक अनुभव और विभिन्न विभागों में कार्य करने के व्यापक अनुभव को देखते हुए उनसे जिले के समग्र और संतुलित विकास की अपेक्षा की जा रही है। बताया गया है कि वे शीघ्र ही भारतीय प्रशासनिक सेवा संवर्ग में पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में शामिल हैं। उनके पदभार ग्रहण से जिला पंचायत कबीरधाम में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।