नाकाबंदी तोड़कर भागी शराब से भरी कार, जंगल में छोड़कर फरार हुए तस्कर; 10 लाख का माल जब्त

राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर सेल ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए की शराब और कार जब्त की है। पुलिस ने मध्यप्रदेश निर्मित 18 पेटी देशी मदिरा मसाला बरामद की, जिसमें 900 पाव यानी 162 बल्क लीटर शराब शामिल है। कार्रवाई के दौरान आरोपी नाकाबंदी तोड़कर जंगल की ओर भाग गए और कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने प्रहलाद समेत दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Sep 10, 2026 - 07:49
 0  2
नाकाबंदी तोड़कर भागी शराब से भरी कार, जंगल में छोड़कर फरार हुए तस्कर; 10 लाख का माल जब्त

UNITED NEWS OF ASIA. नेमिष अग्रवाल, राजनांदगांव l राजनांदगांव जिले के बागनदी थाना क्षेत्र में पुलिस और साइबर सेल ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नाकाबंदी तोड़कर भागी शराब से भरी स्वीफ्ट डिजायर कार को जंगल से बरामद किया है। वाहन की तलाशी के दौरान मध्यप्रदेश निर्मित 18 पेटी देशी मदिरा मसाला बरामद हुई। इसमें कुल 900 पाव यानी 162 बल्क लीटर शराब मिली। पुलिस ने शराब और वाहन समेत कुल 9 लाख 98 हजार 100 रुपए का माल जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्वीफ्ट डिजायर कार के जरिए मध्यप्रदेश निर्मित शराब का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बागनदी पुलिस और साइबर सेल की टीम ने संदिग्ध वाहन को पकड़ने के लिए चार अलग-अलग स्थानों पर बैरिकेड लगाकर नाकाबंदी की। इसी दौरान देवरी की ओर से एक संदिग्ध स्वीफ्ट डिजायर कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस के इशारे को नजरअंदाज कर दिया।

पुलिस के मुताबिक चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए बैरिकेड को तोड़ दिया और मौके से भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल वाहन का पीछा शुरू किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक ने खतरनाक तरीके से यू-टर्न लिया और दूसरी दिशा में कार लेकर फरार होने का प्रयास किया। पुलिस टीम लगातार वाहन का पीछा करती रही। इसके बाद चालक कार को चारभाठा-मोहनपुर जंगल की ओर ले गया।

जंगल क्षेत्र में पुलिस टीम को देखकर चालक और उसका साथी वाहन को बंद रास्ते में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाश की, लेकिन दोनों आरोपी हाथ नहीं लगे। इसके बाद पुलिस ने ट्रैक्टर की मदद से स्वीफ्ट डिजायर कार को जंगल से बाहर निकलवाया।

न्यू राजस्थानी ढाबा के पास पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो कार की डिक्की और सीट के अंदर से मध्यप्रदेश निर्मित देशी मदिरा मसाला की 18 पेटियां बरामद हुईं। जांच में कुल 900 पाव शराब मिली, जिसकी मात्रा 162 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस ने जब्त शराब की कीमत 98 हजार 100 रुपए आंकी है। वहीं शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्वीफ्ट डिजायर कार की अनुमानित कीमत 9 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 9 लाख 98 हजार 100 रुपए का माल जब्त किया है।

मामले में पुलिस ने प्रहलाद और एक अन्य आरोपी के खिलाफ BNS, आबकारी एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान और संभावित ठिकानों के आधार पर तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन और इससे जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।