महिला आयोग अध्यक्ष ममता साहू से विधायक पुरन्दर मिश्रा की सौजन्य भेंट, नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं
रायपुर में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष ममता साहू से सौजन्य मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और महिलाओं के अधिकारों की दिशा में आयोग की प्रभावी भूमिका पर विश्वास जताया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l विधायक पुरन्दर मिश्रा ने रायपुर स्थित अपने सिविल लाइन कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की नवनियुक्त अध्यक्ष ममता साहू से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ममता साहू को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल और जनकल्याणकारी कार्यकाल की कामना की।
मुलाकात के दौरान पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि ममता साहू लंबे समय से सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रही हैं। राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य तथा भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा में निभाई गई उनकी सक्रिय भूमिका, संगठन के प्रति समर्पण और महिला सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्य उन्हें इस नई जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाते हैं।
उन्होंने कहा कि समाज और मातृशक्ति के प्रति ममता साहू की संवेदनशीलता, कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता प्रेरणादायी रही है। यही अनुभव और दृष्टिकोण राज्य महिला आयोग को और अधिक प्रभावी, सक्रिय तथा जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
पुरन्दर मिश्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि ममता साहू के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं और बेटियों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा तथा न्याय के संरक्षण के लिए और अधिक संवेदनशील एवं प्रभावी ढंग से कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि आयोग महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत मंच के रूप में अपनी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति" के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन तथा महिला सशक्तिकरण के विजन के अनुरूप राज्य सरकार महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में महिला आयोग की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी प्रत्येक महिला और बेटी तक न्याय, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महिला आयोग इस दिशा में प्रभावी पहल करते हुए महिलाओं से जुड़े मामलों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करेगा।
मुलाकात के दौरान महिला सुरक्षा, महिला अधिकार, सामाजिक जागरूकता तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने महिलाओं के हित में समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
अंत में पुरन्दर मिश्रा ने ममता साहू को नई जिम्मेदारी के लिए पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल, प्रभावी और जनहितकारी कार्यकाल की मंगलकामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।