आलीराजपुर में स्वच्छता अभियान तेज, गंदगी फैलाने और सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई

आलीराजपुर नगर पालिका ने वार्ड 9, 11 और 12 में विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान गंदगी फैलाने और सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही नालियों की सफाई, हैंडपंपों की मरम्मत और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य भी कराए गए।

Jul 10, 2026 - 11:48
 0  2
आलीराजपुर में स्वच्छता अभियान तेज, गंदगी फैलाने और सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. मुस्तकीममुगल, आलीराजपुर l नगर पालिका द्वारा शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 9, 11 और 12 में व्यापक निरीक्षण किया गया। अभियान के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल और मुख्य नगरपालिका अधिकारी निशिकांत शुक्ला ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ क्षेत्र का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए। अभियान के तहत जयश्री मैडम के घर से सर्वेश्वर मंदिर और सोरवा नाले तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नालियों की सफाई कर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया तथा विभिन्न स्थानों पर जमा कचरे को तत्काल हटवाया गया।

नगरपालिका अध्यक्ष सेना महेश पटेल ने कहा कि शहर में स्वच्छता को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़कों और नालियों पर निर्माण सामग्री फैलाने वाले लोगों के खिलाफ नोटिस जारी कर जुर्माना लगाया जाए। साथ ही खाली प्लॉटों की नियमित सफाई और फेंसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने अवैध रूप से नालियों पर ओटले बनाने वालों को भी सख्त चेतावनी दी।

जनसुविधाओं के तहत लंबे समय से बंद पड़े दो हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू कराया गया। इसके अलावा सर्वेश्वर मंदिर के पास यातायात व्यवस्था और राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक स्पीड ब्रेकर हटवाया गया, जिससे आवागमन सुगम हो सके।

निरीक्षण के दौरान कई निर्माणाधीन भवनों के बाहर सड़क और नालियों पर रेत, गिट्टी तथा अन्य निर्माण सामग्री फैली हुई मिली। इस पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने और संबंधित लोगों को नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए गए।

नगरपालिका अध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों और दुकानों का कचरा डस्टबिन में डालें, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं और निर्माण सामग्री सड़क या नालियों पर न रखें।

नगरपालिका प्रशासन ने बताया कि विशेष स्वच्छता एवं जनसुविधा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। शहर के सभी वार्डों में नियमित निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जल निकासी, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर पालिका अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई भी की जाएगी, ताकि आलीराजपुर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।