तखतपुर पुलिस ने चोरी के मामले का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 11 हजार का सामान बरामद
बिलासपुर के तखतपुर थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 हजार रुपये मूल्य का चोरी का सोयाबीन तेल बरामद किया है, जबकि दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
UNITED NEWS OF ASIA. विशु तिवारी, बिलासपुर l तखतपुर थाना पुलिस ने किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 11 हजार रुपये मूल्य का सोयाबीन तेल बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, तखतपुर निवासी परमीत सालुजा ने 7 जुलाई 2026 को थाना तखतपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम जरौधा गुड़ी के पास स्थित उनकी किराना दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शिकायत में बताया गया कि दुकान से 15 लीटर क्षमता वाले तीन टिन महाकोष सोयाबीन तेल, पांच लीटर क्षमता वाले चार प्लास्टिक जरीकेन, पांच किलो आशीर्वाद आटा, अन्य किराना सामग्री तथा गल्ले से करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। कुल नुकसान लगभग 22 हजार 500 रुपये का बताया गया।
शिकायत के आधार पर तखतपुर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी का सामान ग्राम जरौधा में गोपाल मेहर के कोठार के पैरा (पराली) में छिपाकर रखा गया है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कलेश्वर मेहर और कुंदन धृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पुलिस ने तीन टिन 15 लीटर क्षमता वाला सोयाबीन तेल और पांच लीटर क्षमता वाले चार प्लास्टिक डिब्बों में रखा सोयाबीन तेल बरामद किया, जिसकी कुल कीमत लगभग 11 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वारदात में बंटी साहू और सुमित यादव भी शामिल थे। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनकी गिरफ्तारी के बाद चोरी की शेष सामग्री और नकदी की बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। मामले की आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अवनीश पासवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में रामायण राजपूत, आशीष, हरिश यादव और संतोष पोर्ते सहित अन्य पुलिसकर्मियों का सराहनीय योगदान रहा।