स्वामी आत्मानंद स्कूलों में छात्र हितकारी योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता की समीक्षा, संकुल समन्वयकों को दिए दिशा-निर्देश

कवर्धा में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में जिले के संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक लेकर छात्र हितकारी योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन की समीक्षा की। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों, परीक्षा तैयारी, अपार आईडी, आधार, छात्रवृत्ति, इंस्पायर अवार्ड, किचन गार्डन और विद्यार्थियों के मूलभूत भाषा एवं गणितीय कौशल को मजबूत करने पर दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही ‘मैं एआई जागरूक हूं’ विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

Oct 8, 2026 - 18:27
 0  2
स्वामी आत्मानंद स्कूलों में छात्र हितकारी योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता की समीक्षा, संकुल समन्वयकों को दिए दिशा-निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, रानी दुर्गावती चौक कवर्धा के सभागार में जिले के संकुल शैक्षिक समन्वयकों की बैठक ली। बैठक में शासन की छात्र हितकारी योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी ने शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए शैक्षिक कैलेण्डर के अनुसार मूलभूत, प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक स्तर पर कक्षावार, विषयवार एवं कालखण्डवार शैक्षणिक गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा। आगामी त्रैमासिक और अर्धवार्षिक परीक्षाओं के आयोजन, तैयारी और कार्यनीति को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस दौरान एम.बी.यू. अपडेशन, अपार आईडी निर्माण, आधार निर्माण की प्रगति, इंस्पायर अवार्ड मानक और छात्रवृत्ति से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को शासन की छात्र हितकारी योजनाओं का समय पर लाभ मिले और संबंधित कार्यों में आवश्यक प्रगति सुनिश्चित की जाए।

विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के शत-प्रतिशत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर आलू, प्याज, जिमीकंद और शकरकंद जैसी भूमिगत सब्जियों तथा मुनगा और कटहल जैसे पौधों के रोपण का सुझाव दिया। इसका उद्देश्य विद्यालयों में उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करना और वानर सहित अन्य जानवरों से होने वाले नुकसान को कम करना बताया गया।

शैक्षिक गुणवत्ता उन्नयन के तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों के मूलभूत भाषा एवं गणितीय कौशल को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों को पहाड़ा और बारहखड़ी का अभ्यास कराने के साथ हिंदी एवं अंग्रेजी का त्रुटिहीन और धाराप्रवाह वाचन कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा सुलेख, अनुलेखन और श्रुतलेखन का नियमित अभ्यास कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में विद्या समीक्षा केंद्र एप के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों की अनिवार्य एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा गया। विभागीय पोर्टल CGSchool.in पर लीव मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन अवकाश आवेदन करने और उपस्थिति व्यवस्था की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। ‘सुधार छत्तीसगढ़’ और तंबाकू नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों पर भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक के प्रारंभ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मैं एआई जागरूक हूं’ विषय पर प्रशिक्षण भी आयोजित किया गया। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त संयोजन में हुए प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एआई के प्रति जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, जिला मिशन समन्वयक विनोद श्रीवास्तव, सहायक संचालक एम.के. गुप्ता, एमआईएस प्रशासक सतीश कुमार यदु, विकासखंड नोडल अधिकारी इंस्पायर अवार्ड मानक सहित जिले के संकुल शैक्षिक समन्वयक उपस्थित रहे। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए समन्वित प्रयासों पर जोर दिया गया।