रायपुर उत्तर में सेवा सेतु शिविर, 105 आवेदन प्राप्त, 19 का त्वरित निराकरण
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सेवा सेतु शिविर में नागरिकों से कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 19 आवेदनों का मौके पर त्वरित निराकरण किया गया, जबकि 5 आवेदन प्रक्रिया में हैं। शिविर में 81 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र 69 हितग्राहियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजना सेवा सेतु के तहत रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 50 में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों पर अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए कई समस्याओं का त्वरित निराकरण किया।
शिविर में रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, रायपुर नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, रायपुर नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।
सेवा सेतु शिविर में कुल 105 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 19 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। वहीं शेष 5 आवेदन, जिनमें स्वच्छता से संबंधित 1 तथा खाद्य विभाग से संबंधित 4 आवेदन शामिल हैं, नियमानुसार प्रक्रिया में रखे गए हैं। संबंधित विभागों को इन मामलों का नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था भी की गई। इस दौरान कुल 81 नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र 69 हितग्राहियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, नगर निगम के एमआईसी सदस्यों, जोन अध्यक्षों और पार्षदों की मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
शिविर में नागरिकों की ओर से सफाई, स्वास्थ्य, खाद्य विभाग सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदन और समस्याएं सामने रखी गईं। अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार, संतोष साहू, जोन अध्यक्ष साधना साहू और मुरली शर्मा, पार्षद कैलाश बेहरा, पुष्पा साहू और प्रदीप वर्मा सहित एल्डरमैन, पूर्व पार्षद, मंडल पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसके अलावा नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, जोन कमिश्नर प्रीति सिंह, संतोष पाण्डेय, डॉ दिव्या चंद्रवंशी तथा संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी शिविर में मौजूद रहे।
शिविर का संचालन नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के अंत में एमआईसी सदस्य संतोष साहू ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने और नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।