गोधुली वृद्धाश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, वरिष्ठजनों को डिजिटल और वित्तीय साक्षरता की जानकारी

छिंदवाड़ा के गोधुली वृद्धाश्रम में सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत वरिष्ठजनों के लिए डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऑनलाइन लेन-देन में सावधानी, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुविधाओं के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी गई। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने वरिष्ठजनों को समाज की धरोहर बताते हुए उनके सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिक जिम्मेदारी बताया।

Oct 4, 2026 - 17:19
 0  2
गोधुली वृद्धाश्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, वरिष्ठजनों को डिजिटल और वित्तीय साक्षरता की जानकारी

UNITED NEWS OF ASIA. यज्ञराज पटेल, छिंदवाड़ा l सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रमों की श्रृंखला में रविवार को गोधुली वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के लिए डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कार्यालय कलेक्टर, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के तत्वावधान में स्टेट एक्शन प्लान फॉर सीनियर सिटीजन के अंतर्गत किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठजनों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन लेन-देन में बरती जाने वाली सावधानियों और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए संदिग्ध लिंक, कॉल, मैसेज और अनजान लोगों के साथ बैंकिंग संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही डिजिटल सुविधाओं का सुरक्षित और सहज तरीके से उपयोग करने के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संगठन की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

शेषराव यादव ने कहा कि वरिष्ठजन समाज की धरोहर हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण सामूहिक जिम्मेदारी है। डिजिटल युग में वरिष्ठजनों को तकनीकी और वित्तीय व्यवहार से जुड़ी आवश्यक जानकारी देना भी सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। उन्होंने सेवा संकल्प अभियान को सेवा और जागरूकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बताया।

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठजनों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया गया। स्वस्थ, सुरक्षित और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए आवश्यक जानकारी दी गई। वरिष्ठजनों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए “सेवा मेरा योगदान” की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और जागरूकता का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 2 से 10 अक्टूबर तक जिले में सेवा, जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में वरिष्ठजनों को डिजिटल और वित्तीय रूप से जागरूक करने के उद्देश्य से गोधुली वृद्धाश्रम में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, धर्मेंद्र मिगलानी, संजय पटेल, निगम कमिश्नर सी.पी. राय सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहे।