गांधी-शास्त्री जयंती पर अंबागढ़ चौकी में प्रभातफेरी, श्रमदान और पौधारोपण

अंबागढ़ चौकी में गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रभातफेरी, स्वच्छता श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

Oct 4, 2026 - 17:13
 0  2
गांधी-शास्त्री जयंती पर अंबागढ़ चौकी में प्रभातफेरी, श्रमदान और पौधारोपण

UNITED NEWS OF ASIA. जावेद सेख, मानपुर l अंबागढ़ चौकी महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अंबागढ़ चौकी नगर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रमों में नगरीय निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने जनसहभागिता के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह प्रभातफेरी से हुई, जिसके बाद स्वच्छता श्रमदान और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सुबह करीब 6 बजे नगरीय निकाय के कर्मचारियों के कैंप स्थल बस स्टैंड पानी टंकी से प्रभातफेरी शुरू हुई। प्रभातफेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान गांधी चौक में महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया गया।

इसके बाद नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों और नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री ने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके बताए सत्य, अहिंसा और सादगी के मार्ग पर चलते हुए नागरिकों को देश और समाज के विकास में योगदान देना चाहिए। उन्होंने नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए सभी नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 1 और 4 स्थित लघु वाटिकाओं में पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। अनिल मानिकपुरी और पार्षदों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने फलदार, फूलदार, छायादार और शोभादार पौधे लगाए। इस दौरान आंवला, जामुन, आम, नीम सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया। पौधों की देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान नगर के मुख्य मार्गों पर स्वच्छता श्रमदान भी किया गया। निकाय के अधिकारी-कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों के साथ मिलकर करीब एक घंटे तक साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पंचायत या सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संसाधन और मशीनें बढ़ाने के साथ नागरिकों के व्यवहार में भी स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव जरूरी है। यदि लोग स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बना लें तो नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।

प्रभातफेरी, पौधारोपण और श्रमदान कार्यक्रम में पार्षद ईश्वरी ध्रुवे, उषा यादव, कुंजलता हरमुख, दिलीप कुंभकार, राजू खंडेलवाल, समाजसेवी मोंटी खंडेलवाल, रामदयाल साहू सहित निकाय के अधिकारी-कर्मचारी, स्वच्छता दीदियां, स्वच्छता मित्र और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।