जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन आघात’ सफल, 207 किलो गांजा सहित तस्कर गिरफ्तार
जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 207 किलो अवैध गांजा जब्त किया है। आरोपी पिकअप वाहन में आम की ट्रे के नीचे गांजा छिपाकर उड़ीसा से ला रहा था। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर करोड़ों रुपए की जब्ती की है।
UNITED NEWS OF ASIA. योगेश यादव, जशपुर l छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना कांसाबेल अंतर्गत चौकी दोकड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 207 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त किए गए गांजे की बाजार कीमत करोड़ों रुपए आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर जशपुर की ओर आ रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर दोकड़ा चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक UP-70-RT-6633 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने देखा कि वाहन में आम से भरी ट्रे रखी गई थी। आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए आम की ट्रे के नीचे गांजे के पैकेट छिपा रखे थे। जब पुलिस ने गहन जांच की तो वाहन से कुल 207 पैकेट में 207 किलो गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से आरोपी प्रेमनाथ सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी ग्राम विमड़ा, थाना बगीचा जिला जशपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
मामले में पुलिस ने कुल 1 करोड़ 13 लाख 60 हजार 550 रुपए की जब्ती की है। इसमें जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 3 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन की कीमत करीब 10 लाख रुपए और आरोपी के पास से बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 10 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने 550 रुपए नगद भी जब्त किए हैं।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। “ऑपरेशन आघात” के तहत जनवरी 2026 से अब तक पुलिस ने 3 करोड़ रुपए से अधिक कीमत के 744 किलो 227 ग्राम गांजा, 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरप, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर और 14 किलो गांजा के पौधे जब्त किए हैं। इस दौरान 27 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है।
डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शने वाली नहीं है। पुलिस एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।