खैरागढ़ में मिलावटी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में नकली सामग्री जब्त
खैरागढ़ में केसीजी पुलिस ने मिलावटी शराब बनाकर बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 34 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, नकली लेबल, होलोग्राम, ढक्कन और बॉटलिंग सामग्री जब्त की है। आरोपी शराब में पानी मिलाकर रीफिलिंग कर बाजार में बेच रहे थे।
UNITED NEWS OF ASIA. मनोहर सेन l छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में केसीजी पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलावटी शराब बनाने और बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 34 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन, नकली लेबल, होलोग्राम और अन्य सामग्री बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खैरागढ़ एवं साइबर सेल की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि राजपूत ढाबा के पास स्थित एक किराए के मकान में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब की बॉटलिंग और रीफिलिंग का काम किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संयुक्त टीम बनाकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
रेड के दौरान पुलिस ने मौके पर भागवत वर्मा और त्रिलोक यादव को रंगे हाथ शराब में पानी मिलाकर रीफिलिंग करते हुए पकड़ा। आरोपी खाली शराब की बोतलों में मिलावटी शराब भरकर उसे दोबारा पैक कर बाजार में बेचने की तैयारी कर रहे थे। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में नकली पैकिंग सामग्री और शराब बरामद की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के नाम भी बताए। इसके बाद पुलिस ने शक्ति नारायण सिंह और तिपेश कुमार सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इस पूरे अवैध कारोबार में चारों आरोपी लंबे समय से संलिप्त थे और नकली तरीके से तैयार शराब को बाजार में सप्लाई कर रहे थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 130 नग गोवा स्पेशल व्हिस्की, 67 खाली शराब बोतल, 203 ढक्कन, 720 लेबल स्टीकर, नकली होलोग्राम और बॉटलिंग में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब में पानी मिलाकर उसकी मात्रा बढ़ाते थे और फिर उसे असली ब्रांड की तरह पैक कर ग्राहकों को बेचते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नकली शराब की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी।
केसीजी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार, मिलावटी शराब बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम जनता की सुरक्षा के लिए ऐसे अवैध कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।