एम.एम. फनसिटी में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नए भवन के शिलान्यास का निर्णय

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक 12 मई 2026 को रायपुर के एम.एम. फनसिटी में संपन्न हुई। बैठक में नए सदस्यों की स्वीकृति, वित्तीय निर्णय, सदस्यता शुल्क में संशोधन और नया रायपुर में नए चेम्बर भवन के शिलान्यास जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। व्यापारिक हितों और नीतिगत सुधारों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

May 13, 2026 - 13:08
 0  51
एम.एम. फनसिटी में छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स की कार्यकारिणी बैठक संपन्न, नए भवन के शिलान्यास का निर्णय

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक आज 12 मई 2026 को दोपहर 12 बजे एम.एम. फनसिटी, बकतरा रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति रही। प्रारंभ में कोरम के अभाव के कारण बैठक को आधे घंटे के लिए स्थगित किया गया, जिसके बाद पुनः बैठक की कार्यवाही प्रारंभ हुई।

बैठक में पिछली कार्यकारिणी की कार्यवाही का पठन एवं अनुमोदन किया गया। साथ ही लगभग 1100 नए सदस्यता आवेदन पत्रों की जांच के बाद उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त 35 सदस्यों के आवेदन, फर्म नाम परिवर्तन, प्रतिनिधि परिवर्तन तथा दो हजार रुपये से अधिक के खर्चों की स्वीकृति जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई, जिन्हें सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

प्रदेश महामंत्री द्वारा पिछली बैठक की कार्यवाही का पठन किया गया, जबकि कोषाध्यक्ष द्वारा आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया, जिसे भी सदस्यों ने स्वीकृति दी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आजीवन सदस्यों की सदस्यता शुल्क 15 अगस्त 2026 तक 3500 रुपये रहेगी, जिसके बाद इसमें परिवर्तन किया जाएगा। साथ ही तीन वर्ष के मेंटनेंस शुल्क के रूप में 500 रुपये निर्धारित किए गए।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने अपने उद्बोधन में कहा कि व्यापारी एकता के माध्यम से ही शासन-प्रशासन से प्रभावी संवाद स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि चेम्बर का नया भवन नया रायपुर में प्रस्तावित है, जिसका शिलान्यास जल्द ही आमसभा के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी सदस्यों की केवाईसी प्रक्रिया इकाइयों के माध्यम से अनिवार्य रूप से पूरी की जाएगी।

बैठक में यह भी बताया गया कि व्यापारियों के लिए नियमित रूप से कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विशेषज्ञ मार्गदर्शन देते हैं। आने वाले समय में व्यापारियों के बच्चों के लिए भी विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि वे पारिवारिक व्यवसाय से जुड़ सकें।

महामंत्री ने बताया कि संगठन द्वारा शासन-प्रशासन को लगातार सुझाव एवं पत्राचार के माध्यम से व्यापारिक समस्याओं के समाधान हेतु प्रयास किए जा रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। जीएसटी संग्रह में वृद्धि को भी संगठन के प्रयासों से जोड़ा गया।

कार्यकारी अध्यक्षों ने व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों जैसे ट्रेड लाइसेंस और फायर सेफ्टी शुल्क पर चिंता व्यक्त की तथा इनके विरोध की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही डिजिटल माध्यम से सूचनाओं के आदान-प्रदान की आवश्यकता भी बताई गई।

बैठक में यह भी कहा गया कि वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए सोने की खरीद को सीमित करने और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास आवश्यक हैं। वहीं नए आयकर नियमों को सरल बताया गया और व्यापारियों को जागरूक रहने की सलाह दी गई।

बैठक के अंत में संरक्षक एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संगठन की बढ़ती सदस्य संख्या और कार्यप्रणाली की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए 350 से अधिक कार्यकारिणी सदस्य एवं व्यापारिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।