पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर तिल्दा-नेवरा में श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर तिल्दा-नेवरा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके विचारों और राष्ट्रसेवा में योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया गया।

Sep 26, 2026 - 08:18
 0  3
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर तिल्दा-नेवरा में श्रद्धांजलि, प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

UNITED NEWS OF ASIA. अशोक मिश्रा, तिल्दा-नेवरा l तिल्दा-नेवरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और राष्ट्रसेवा में उनके योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन को राष्ट्रसेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत बताया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने एकात्म मानववाद और अंत्योदय की अवधारणा के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता देने का विचार प्रस्तुत किया। उनके विचार सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरणा प्रदान करते हैं।

भाजपा नेता राम पंजवानी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य करने का संकल्प लेना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा तिल्दा शहर मंडल अध्यक्ष मनोज निषाद ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति के सम्मान और कल्याण की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर उनके आदर्शों को जीवन और सामाजिक कार्यों में अपनाने का संकल्प लेना चाहिए।

भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद रानी सौरभ जैन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय विचारधारा को मजबूत आधार देने का कार्य किया। उनका जीवन सादगी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और समाजहित में कार्य करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में सौरभ जैन, उपाध्यक्ष भाजपा तिल्दा शहर मंडल, डॉ. एल.पी. साहू, विधायक प्रतिनिधि, गोपाल साहू, भाजपा महामंत्री और सुरेश लखवानी, एल्डरमैन सहित भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।