वेस्ट पेपर और पुठ्ठे से यशवंत सपहा ने बनाई आकर्षक कलाकृतियां, गणपति और मंदिर की प्रतिकृतियां उकेरी

रायपुर नगर निगम मुख्यालय के प्लेसमेंट श्रमिक यशवंत सपहा ने मुद्रण कार्य के बाद अनुपयोगी हुए कागज और पुठ्ठे का सदुपयोग करते हुए भगवान गणपति, मंदिर और वृक्ष की आकर्षक प्रतिकृतियां तैयार की हैं। सेवा संकल्प अभियान 2026 और स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत बनाई गई इन कलाकृतियों के जरिए वेस्ट सामग्री के सदुपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।

Sep 26, 2026 - 08:11
 0  4
वेस्ट पेपर और पुठ्ठे से यशवंत सपहा ने बनाई आकर्षक कलाकृतियां, गणपति और मंदिर की प्रतिकृतियां उकेरी

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय में अनुपयोगी सामग्री के सदुपयोग और पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है। नगर निगम मुख्यालय के प्लेसमेंट श्रमिक यशवंत सपहा ने निगम प्रेस में मुद्रण कार्य के बाद कटिंग से निकलने वाले अनुपयोगी कागज और पुठ्ठे का उपयोग कर भगवान गणपति, मंदिर और वृक्ष की आकर्षक प्रतिकृतियां तैयार की हैं।

सेवा संकल्प अभियान 2026 का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देश और रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रायपुर नगर निगम मुख्यालय सहित सभी 10 जोनों में विभिन्न सकारात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। महापौर मीनल चौबे, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री चंद्राकर और आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देशानुसार अभियान के तहत अलग-अलग गतिविधियों पर काम किया जा रहा है।

इसी कड़ी में नगर निगम मुख्यालय स्थित प्रेस एवं जनसंपर्क विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट श्रमिक यशवंत सपहा ने निगम की ऑफसेट मशीन में मुद्रण कार्य के बाद बचने वाले कटिंग किए हुए कागज और पुठ्ठे को बेकार न जाने देकर उसका रचनात्मक उपयोग किया। उन्होंने इन्हीं सामग्री से भगवान गणपति, मंदिर और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक वृक्ष की सुंदर प्रतिकृतियां उकेरी हैं।

यह पहल स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत संचालित स्वच्छता ही सेवा अभियान और बेस्ट फ्रॉम वेस्ट की अवधारणा से जुड़ी हुई है। अनुपयोगी समझी जाने वाली सामग्री को उपयोगी और आकर्षक कलाकृतियों में बदलकर लोगों को कचरे के बेहतर प्रबंधन और रचनात्मक पुनः उपयोग का संदेश दिया जा रहा है।

अनंत चतुर्दशी के अवसर पर 10 दिवसीय सार्वजनिक श्री गणेश उत्सव के अंतिम दिन भगवान गणपति की प्रतिकृति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रथम पूज्य भगवान गणपति के साथ पर्यावरण संरक्षण के संदेश को दर्शाने वाली वृक्ष की प्रतिकृति भी तैयार की गई। कागज और पुठ्ठे के मिश्रण से तैयार इन कलाकृतियों को देखने वाले लोग यशवंत सपहा की कला प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं।

नगर निगम मुख्यालय के भूतल पर आने वाले आम नागरिकों के साथ मीडिया और विज्ञापन क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भी इन कलाकृतियों को देखकर कलाकार की रचनात्मक सोच की प्रशंसा कर रहे हैं। इस पहल के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है कि अनुपयोगी सामग्री का सही तरीके से उपयोग कर सुंदर और उपयोगी वस्तुएं तैयार की जा सकती हैं।

यशवंत सपहा की यह पहल सेवा संकल्प अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वेस्ट सामग्री के सदुपयोग को रचनात्मक तरीके से सामने ला रही है।