बालोद सड़क हादसे पर CM साय ने जताया शोक, घायलों के बेहतर उपचार के दिए निर्देश

बालोद जिले के मरकाटोला घाट में धान से लदे ट्रक ने खड़ी माजदा को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर शोक जताते हुए घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।

Sep 26, 2026 - 08:58
Sep 26, 2026 - 08:59
 0  1
बालोद सड़क हादसे पर CM साय ने जताया शोक, घायलों के बेहतर उपचार के दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. रायपुर l छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-30 पर धमतरी और कांकेर के बीच मरकाटोला घाटी में धान से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी माजदा को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि इसमें 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हुए हैं। घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी सामने आने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए अधिकारियों को उनके समुचित और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रशासन को घायलों के इलाज और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाटी में डीजे से बंधी स्वराज माजदा वाहन क्रमांक CG 10BU 7174 खड़ी थी। इसी दौरान रायपुर से जगदलपुर की ओर जा रहे धान से लदे ट्रक क्रमांक CG 04 QY 5947 ने माजदा को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि माजदा में करीब 13 लोग सवार थे।

टक्कर के बाद माजदा में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को पुरुर से नजदीकी और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए धमतरी जिला अस्पताल ले जाया गया।

हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान चार अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। सात घायलों को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

टक्कर के बाद ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गया। ट्रक के नीचे एक व्यक्ति के दबे होने की जानकारी सामने आई, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और शव को मर्चुरी भेजा।

घटना के बाद ट्रक चालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में प्रभावित लोग कवर्धा और आसपास के अन्य इलाकों के बताए जा रहे हैं।